शिवा हत्याकांड में आरोपी मॉडल श्रद्धा ने पुलिस से बचने के लिए बुर्के का सहारा लिया था। नेपाल से लौटने के बाद वह मुस्लिम बहुल इलाके में ठहरी। करीबियों की सलाह पर उसने बुर्का पहनना शुरू कर दिया, ताकि कोई उसे पहचान न सके। यही नहीं, उसने ट्रॉली बैग छोड़कर सामान्य झोला रख लिया। पुलिस के मुताबिक, गलत आईपी एड्रेस मिलने के कारण भी जांच टीम भटकती रही और श्रद्धा को पकड़ने में देरी हुई।
श्रद्धा के पास एक पुराना मोबाइल भी था। वह बरामद नहीं हुआ है। आशंका है कि सबसे अधिक राज छिपे हुए थे। हालांकि पूछताछ में उसका कहना था कि मोबाइल नेपाल में गिर गया। ये बात किसी के गले नहीं उतर रही है। उसने सुबूत नष्ट करने के लिए ऐसा किया। पुलिस इस मोबाइल को भी तलाश रही है। इसलिए आमिर को खुद से दूर किया घटना के बाद जब श्रद्धा फरार हुई थी तब उसके साथ उसकी बहन रश्मि, ड्राइवर तनवीर और सबसे करीबी आमिर भी था। फेक आईडी पर सिम उपलब्ध कराने से लेकर नेपाल पहुंचाने में उसने पूरी मदद की थी। फिर वह इन तीनों से अलग हो गया था। सूत्रों के मुताबिक जांच में सामने आया है कि आमिर को इसलिए दूर किया गया था, जिससे वह चीजों को मैनेज कर सके। उसने कुछ बड़े लोगों से संपर्क भी किया था। चूंकि मामला इतना बड़ा था तो मैनेज होने का सवाल नहीं था। ये जरूर है कि दस दिन तक वह गिरफ्त से दूर रही।
अमूमन जब पुलिस किसी आरोपी को पकड़ती है तो उसको पूछताछ करते हुए ले जाती है। शिवा शर्मा हत्याकांड में ऐसा नहीं हो सका। नागपुर से लखनऊ तक पुलिसकर्मियों ने सवाल नहीं किए। वह खामोश रहे। किसी तरह की दिक्कत न हो, इसका जरूर ख्याल रखा। पुलिसकर्मी सवाल करने से बचते रहे। शायद इसके पीछे सर का खौफ था। दरअसल, वारदात के बाद श्रद्धा की तमाम कॉल रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, जिनमें वह शिवा को धमकाती हुई सुनाई दे रही हैं। लगभग हर रिकॉर्डिंग में एक सर का जिक्र है। उनका नाम जरूर नहीं है, लेकिन जिस तरह से सर का जिक्र करती थी, उससे ये जरूर स्पष्ट है कि वह काफी पावरफुल शख्स हैं। ये सर कोई बड़े अधिकारी बताए जा रहे हैं। यही वजह है कि रिकॉर्डिंग वायरल होने पर पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी। हालांकि, इसके पीछे लापरवाही बताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिसकर्मियों को भी श्रद्धा के कनेक्शन का अंदाजा है। लिहाजा, वह भी एहतियात बरत रहे थे, जिससे कहीं आगे चलकर वह बलि का बकरा न बन जाएं। इसलिए सवाल नहीं कर रहे थे। सूत्र बताते हैं कि रास्ते में श्रद्धा को ब्लैक कॉफी पिलाई और पनीर टिक्का खिलाया। बैंक खातों से खुल सकता है राज श्रद्धा के खातों में लाखों रुपये मिले हैं। यही नहीं, महंगे-महंगे तोहफे भी उसको मिलते थे। लाखों रुपये की शॉपिंग वह दिल्ली, गुरुग्राम और अन्य जगहों पर स्थित मॉल से करती थी। सूत्र बताते हैं कि इसकी पेमेंट उसके करीबी करते थे। इसमें अफसर भी शामिल हैं। अंदेशा ये भी है कि खातों में भी रकम उसे भेजी गई। अब पुलिस जब उसके बैंक खातों की जांच करेगी तो विवरण सामने आएगा। हालांकि, उसके संपर्क वाले अधिकारियों ने इसको लेकर काफी एहतियात बरती है, जिससे वह फंसे नहीं। पहले से थे निर्देश...इसलिए नाम का जिक्र नहीं श्रद्धा ने जहां पर भी शिवा को सर के नाम की धमकी दी, वहां पर सर का नाम नहीं बोला। जानकारी के मुताबिक, श्रद्धा को पहले से ही इसको लेकर निर्देश दिए गए थे कि कभी भी किसी से भी बात करो, उसमें नाम नहीं आना चाहिए। इसलिए साहब के नाम का कोड सर बन चुका था। चूंकि, उसमें ये भी कहती है कि वह सर की मदद से डिटेल निकलवा सकती है, इससे साफ है कि सर का कनेक्शन खाकी विभाग से भी मजबूत है। अभी भी कॉन्फिडेंस....शायद बचने का भरोसा श्रद्धा अभी भी कॉन्फिडेंस से भरी है। उसको देखकर नहीं लगता कि वह इतने बड़े मामले में फंस चुकी है। शायद उसको भरोसा है कि उसके सर उसको अभी भी बचा सकते हैं। हैरानी ये है कि अभी भी वह उनको लेकर जुबान नहीं खोल रही।
शिवा की मां ने आरोप लगाया था कि जब उन्होंने बेटे का शव देखा था तो उसके शरीर पर लिपस्टिक के निशान थे। पुलिस ने इसके बारे में श्रद्धा से सवाल किए। इसके जवाब में श्रद्धा ने कहा कि शिवा मेरा बंदा था। ऐसे में उसके शरीर पर लिपस्टिक के निशान इसलिए पड़े हाेंगे। श्रद्धा के जवाब पर पुलिस अफसर भी एक-दूसरे को देखने लगे। इसके बाद इस संबंध में उससे किसी ने दूसरा सवाल नहीं किया। घटना वाले दिन सुबह सात बजे घूमकर लौटे थे दोनों श्रद्धा ने पूछताछ में बताया कि घटना वाले दिन वह शिवा के साथ सुबह सात बजे पार्टी करके लौटी थी। इसके बाद दोनों सो गए थे। शाम को शिवा सोकर उठा और फिर उसने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी। श्रद्धा ने कहा कि सामने वाली बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर इसके साक्ष्य मिल जाएंगे। हालांकि, पुलिस को ऐसी कोई फुटेज नहीं मिली है, जिसमें शिवा कूदते हुए नजर आया हो।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!