जमशेदपुर के केनरा बैंक से करीब 33 करोड़ रुपये का सोना और नकदी लूटने के मामले में झारखंड एसटीएफ ने समस्तीपुर में छापेमारी की। विभूतिपुर के बोरिया गांव से एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए झारखंड ले जाया गया है।
जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में हुई करीब 33 करोड़ रुपये की लूट के मामले में जांच का तार समस्तीपुर से जुड़ता नजर आ रहा है। मामले की जांच कर रही झारखंड एसआईटी और एसटीएफ की टीम ने बुधवार को स्थानीय पुलिस के सहयोग से समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र और अंगारघाट इलाके में छापेमारी की। इस दौरान विभूतिपुर थाना क्षेत्र के बोरिया गांव से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया। उसे पूछताछ के लिए झारखंड ले जाया गया है। हालांकि, समस्तीपुर पुलिस ने कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल सर्विलांस से मिले इनपुट के आधार पर झारखंड पुलिस की टीम समस्तीपुर पहुंची। जांच टीम को आशंका है कि बैंक लूट में शामिल गिरोह के कुछ सदस्यों का समस्तीपुर से संपर्क या यहां आना-जाना रहा है। इसी आधार पर विभूतिपुर और अंगारघाट के अलावा जिले के अन्य संभावित ठिकानों पर भी छापेमारी की जा रही है।
24 सितंबर को बैंक खुलते ही घुस गए थे हथियारबंद बदमाश जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के मस्जिद रोड स्थित केनरा बैंक शाखा में 24 सितंबर की सुबह पांच हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला था। बारिश के बीच रेनकोट और अन्य सामान से खुद को ढके बदमाश बैंक में दाखिल हुए और सुरक्षा गार्ड व बैंककर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। विरोध करने पर गार्ड के साथ मारपीट भी की गई। इसके बाद बदमाशों ने बैंक के चेस्ट और लॉकर को निशाना बनाकर नकदी और सोना लूट लिया। .ads-row{display:flex;gap:10px;flex-wrap:wrap;}
23.80 किलो सोना और 42 लाख से ज्यादा नकदी लूटी पुलिस के मुताबिक, अपराधी करीब 42 लाख रुपये से अधिक नकदी और लगभग 23 से 23.80 किलोग्राम सोना लेकर फरार हुए थे। लूटे गए सोने और नकदी की कुल कीमत करीब 33 करोड़ रुपये आंकी गई है। वारदात के बाद बदमाश दो मोटरसाइकिलों से फरार हुए थे।
24 मिनट में वारदात, सीसीटीवी में कैद हुई गतिविधियां बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर उनकी पहचान और भागने के रास्ते का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच शुरू की। अलग-अलग इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर पुलिस आरोपितों की आवाजाही की कड़ियां जोड़ रही है।
पुलिस ने पांच संदिग्ध बदमाशों की तस्वीरें जारी की हैं। उनकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने वालों के लिए प्रत्येक आरोपित पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस की कई विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
समस्तीपुर कनेक्शन की जांच से बढ़ी हलचल सीसीटीवी और मोबाइल सर्विलांस से मिले सुराग के बाद झारखंड एसटीएफ का समस्तीपुर पहुंचना जांच में अहम माना जा रहा है। विभूतिपुर के बोरिया गांव से एक संदिग्ध को हिरासत में लिए जाने के बाद स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, संदिग्ध की पहचान और उसकी भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
बताया जा रहा है कि झारखंड पुलिस समस्तीपुर जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी संभावित ठिकानों की तलाश कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बैंक लूट के बाद अपराधी किस रास्ते से निकले, किन लोगों के संपर्क में रहे और लूटे गए सोने व नकदी को छिपाने या खपाने के लिए किन स्थानों का इस्तेमाल किया गया।
झारखंड पुलिस ने जारी की बदमाशों की तस्वीर लूट के बाद झारखंड पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार आरोपितों की तस्वीरें जारी की थीं। पुलिस ने सभी आरोपितों पर दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया है। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की बात भी कही गई है। गिरफ्तारी के लिए तकनीकी सर्विलांस के साथ संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
फिलहाल समस्तीपुर में हुई कार्रवाई के बाद मामले की जांच का दायरा बिहार तक पहुंच गया है। बोरिया गांव से हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि उसका जमशेदपुर बैंक लूट मामले से क्या संबंध है और गिरोह के अन्य सदस्यों का समस्तीपुर से कोई संपर्क था या नहीं।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!