अभिनेत्री श्वेता बसु प्रसाद ने हाल ही में सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार का ध्यान खींचने की कोशिश की। उन्होंने भारत में पुरानी संस्कृति के रख रखाव पर काफी कुछ लिखा। उन्होंने बताया कि वह दिवंगत शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर गई थीं। मगर अब यह घर ढहने की कगार पर हैं।
श्वेता ने पोस्ट में क्या लिखा? श्वेता बसु प्रसाद ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर लिखा, ‘मैं 2024 में सरस्वती पूजा के मौके पर उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक अब इस घर को गिराए जाने की तैयारी की जा रही है। संस्कृति और विरासत का एक प्रतीक हमेशा के लिए खोने वाला है। साल्जबर्ग में महान संगीतकार वोल्फगैंग अमाडेस मोजार्ट का घर उनका पहला वाद्ययंत्र सब कुछ काफी करीने से संभाल कर रखा गया है। उनके शहर में सभी लोग उनका और उनसे जुड़ी चीजों का सम्मान करते हैं। उनसे प्रेरित पेन, यहां तक कि मोजे तक बिकते हैं। वहां आने वाले सैलानी इसे यादों के तौर पर साथ ले जाते हैं।’
श्वेता ने पूछा सवाल आगे अपनी पोस्ट में श्वेता ने सवाल करते हुए लिखा, ‘यहां उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का घर गिराने का निर्णय चाहे परिवार का हो या सरकार का, एक गंभीर सवाल छोड़ जाता है। आखिर हम अपनी संस्कृति और विरासत बचाने में इतने पीछे क्यों हैं? एक ऐसा देश जो कला को गर्व मानता है वह एक महान म्यूजिशियन का घर क्यों नहीं बचा पा रहा? इस घर को म्यूजियम में क्यों नहीं बदला जा रहा?'
घर के लिए चल रहा विवाद भारत रत्न और शहनाई के जादूगर उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के पुश्तैनी मकान को लेकर इन दिनों काफी विवाद चल रहा है। इस मामले में पहले सरकार पर आरोप लगाए जा रहे थे। मगर वीडीए के अनुसार, मकान का ध्वस्तीकरण किसी सरकारी कार्रवाई के तहत नहीं, बल्कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के परिवार के लोगों ने कराया है। नगर निगम ने इंस्टाग्राम पर उस्ताद के पौत्र मो. सिब्तैन का 30 सेकंड का वीडियो भी शेयर किया था। इसमें उन्होंने कहा, 'मकान काफी पुराना और जर्जर हो चुका था। परिवार के सदस्यों की ओर से मकान के नवीनीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसी प्रक्रिया के तहत पुराने भवन के स्ट्रक्चर को ध्वस्त किया जा रहा है, ताकि वहां दोबारा निर्माण कराया जा सके।' परिवारजनों ने भवन के पुनर्निर्माण के बाद उसी स्थान पर भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का संग्रहालय बनवाने की बात कही है।
श्वेता बसु का वर्कफ्रंट श्वेता बसु हाल ही में कई ओटीटी प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुकी हैं। वे ‘त्रिभुवन मिश्रा: सीए टॉपर’, ‘इंडिया लॉकडाउन’ समेत कई सीरीज में काम कर चुकी हैं। हाल ही में उन्हें ‘क्रिमिनल जस्टिस’ के नए सीजन में भी देखा गया था। श्वेता को बतौर चाइल्ड एक्ट्रेस फिल्म 'मकड़ी' के लिए जाना जाता है। फिल्म में उनके अभिनय के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
View this post on Instagram
A post shared by Shweta Basu Prasad (@shwetabasuprasad11)
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!