गूगल ने अपने एंड्रॉयड फोन यूजर्स के लिए सितंबर एंड्रॉयड ड्रॉप जारी कर दिया है, जिसमें पांच शानदार फीचर्स शामिल किए गए हैं। मोशन सिकनेस दूर करने से लेकर बिना ट्रैकर के खोया हुआ सामान ढूंढने तक, ये नए अपडेट्स आपके स्मार्टफोन चलाने का अनुभव पूरी तरह बदल देंगे।
क्या आपको अक्सर याद नहीं रहता कि पासपोर्ट, चाबी या कोई जरूरी सामान कहां रखा था? जल्द ही आपका एंड्रॉयड फोन इस समस्या का हल भी ढूंढ निकालेगा। गूगल ने सितंबर एंड्रॉयड ड्रॉप में पांच नए फीचर्स पेश किए हैं, जिनमें जेमिनी से सामान की लोकेशन याद करवाने से लेकर चलते वाहन में फोन इस्तेमाल करने के दौरान मोशन सिकनेस कम करने तक की सुविधा शामिल है।
गूगल के मुताबिक, इन फीचर्स का मकसद एंड्रॉयड फोन को रोजमर्रा के कामों में ज्यादा उपयोगी और व्यक्तिगत बनाना है। कुछ सुविधाएं जल्द जारी होंगी, जबकि गूगल मैसेज से जुड़े दो फीचर्स का रोलआउट शुरू हो चुका है।
अक्सर हम अपना पासपोर्ट या घर की एक्स्ट्रा चाबी कहीं रखकर भूल जाते हैं और जरूरत पड़ने पर उसे ढूंढने में काफी समय बर्बाद हो जाता है। लेकिन अब गूगल जेमिनी एआई आपकी इस परेशानी को खत्म कर देगा। आप जेमिनी को बता सकते हैं कि आपने अपना जरूरी सामान कहां रखा है। यह जानकारी गूगल के Find Hub में सेव हो जाएगी।
आप चाहें तो उस जगह की एक फोटो भी खींचकर जेमिनी को दे सकते हैं। जब भी आपको वह सामान ढूंढना हो, तो बस जेमिनी से पूछ लें या फिर फाइंड हब में सेव किए गए आइटम टैब को चेक कर लें। यह सुविधा उन देशों में मिलेगी जहां जेमिनी और फाइंड हब उपलब्ध हैं, और इसके लिए फोन में कम से कम एंड्रॉयड 16 होना जरूरी है।
कई लोगों को कार या बस में सफर करते समय फोन स्क्रीन देखने पर चक्कर आने या उल्टी जैसी समस्या होने लगती है, जिसे मोशन सिकनेस कहा जाता है। गूगल ने इस समस्या को दूर करने के लिए खास Motion Assist फीचर पेश किया है। यह फीचर स्क्रीन पर कुछ पारदर्शी बुलबुले (बबल्स) दिखाता है, जो आपके वाहन की गति के साथ तालमेल बिठाकर हिलते हैं। कंपनी का कहना है कि यह आपकी आंखों द्वारा देखी जाने वाली बाहरी चीजों और वाहन की गति के बीच एक संतुलन बनाता है। आप इन बबल्स के रंग, आकार और पारदर्शिता को अपने हिसाब से बदल सकते हैं और इसे Quick Settings से भी सीधे चालू कर सकते हैं। हालांकि, यह शानदार फीचर सिर्फ उन डिवाइसेज में मिलेगा जो Android 17 पर काम करते हैं।
कम रोशनी वाले रेस्टोरेंट में मेन्यू पढ़ना हो या किसी पैकेट पर लिखे छोटे अक्षर देखने हों, अब Guided vision आपकी मदद करेगा। इसके लिए आपको Gemini Live में अपना कैमरा शेयर करना होगा। अगर आपका कैमरा सही जगह फोकस नहीं कर रहा है, तो फोन बोलकर आपको निर्देश देगा कि कैमरे को किस तरफ घुमाना है या ऑब्जेक्ट को सेंटर में कैसे लाना है। इसे आप सीधे एक्सेसेबिलिटी शॉर्टकट, TalkBack मेन्यू या जेमिनी एप की सेटिंग्स से चालू कर सकते हैं। यह उपयोगी फीचर Android 9 और उसके बाद के सभी ओएस वर्जन पर जल्द ही उपलब्ध होने जा रहा है।
अब आपको मैसेजिंग और नोट्स बनाने के लिए अलग-अलग ऐप्स के बीच स्विच करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। गूगल ने Google Messages के अंदर ही Google Keep का सपोर्ट दे दिया है। अब आप चैट करते समय ही प्लस आइकन पर क्लिक करके किराने के सामान की लिस्ट या कोई जरूरी नोट शेयर कर सकते हैं। सबसे अच्छी बात यह है कि चैट में मौजूद सभी लोग इस लिस्ट को देख सकते हैं, उसमें नए आइटम जोड़ सकते हैं और उसे एक साथ एडिट कर सकते हैं। यह बेहतरीन फीचर गूगल मैसेजेस में रोलआउट होना शुरू हो गया है।
आखिरी फीचर भी Google Messages से ही जुड़ा है, जो आपकी चैटिंग के अनुभव को और भी रंगीन और दिलचस्प बना देगा। अब आप अपने हर एक चैट के लिए एक अलग बैकग्राउंड और कलर थीम सेट कर सकते हैं। आप कोई भी वॉलपेपर या अपनी पसंद की फोटो लगा सकते हैं और चैट के बबल्स का रंग उसी फोटो के हिसाब से अपने आप मैच कर जाएगा। अगर आपको वह रंग पसंद नहीं आता है, तो आप अपनी मर्जी से उसे कस्टमाइज भी कर सकते हैं। यह फीचर फिलहाल गूगल मैसेजेस में सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध करा दिया गया है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!