खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जन्माष्टमी के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं और निष्काम कर्म के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण के दिव्य संदेश मानवता को लगातार मार्गदर्शन देते रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कामना की कि भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति और आराधना का यह पावन अवसर हर व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शक्ति लेकर आए। उन्होंने देशवासियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए जय श्रीकृष्ण कहा।
आप सभी को जन्माष्टमी की अनेकानेक शुभकामनाएं। भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य संदेशों में नि:स्वार्थ कर्म की अद्भुत प्रेरणा निहित है, जिसने मानवता का निरंतर मार्गदर्शन किया है। उनकी भक्ति और उपासना को समर्पित यह पावन अवसर हर किसी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शक्ति का संचार करे, यही… pic.twitter.com/4Y3AmUg4Nm
जन्माष्टमी पर देशभर के प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने मंगला आरती, विशेष पूजा और धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया। दिल्ली में ईस्ट ऑफ कैलाश और द्वारका सेक्टर-13 स्थित इस्कॉन मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिरों में मंगला आरती के दौरान भक्तों ने पूजा-अर्चना की और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव मनाया। बिरला मंदिर में भी जन्माष्टमी के अवसर पर विशेष मंगला आरती हुई। मंदिर को पर्व के लिए सजाया गया था और श्रद्धालुओं ने सुबह की पूजा में हिस्सा लिया।
भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में जन्माष्टमी का विशेष धार्मिक महत्व है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर में श्रद्धालुओं ने मंगला आरती और विशेष पूजा में हिस्सा लिया। भक्तों ने भगवान के प्रति अपनी आस्था जताते हुए नृत्य भी किया। मथुरा के दूसरे मंदिरों में भी धार्मिक अनुष्ठान और उत्सव का माहौल रहा। वृंदावन के श्री बांके बिहारी जी मंदिर में भी जन्माष्टमी की आरती के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। मंदिर परिसर में भारी भीड़ रही और दर्शन के लिए भक्त लंबी कतारों में खड़े दिखाई दिए।
जन्माष्टमी का उत्साह मुंबई में भी देखने को मिला। चौपाटी स्थित इस्कॉन मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंगला आरती और विशेष पूजा में शामिल हुए। देश के प्रमुख धार्मिक केंद्रों में भक्तों की भीड़ लगातार जुटती रही। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण भीड़ को नियंत्रित करना और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना अहम रहा। ईस्ट ऑफ कैलाश स्थित इस्कॉन मंदिर समेत अन्य प्रमुख मंदिरों में पुलिस की मौजूदगी भी रखी गई। जन्माष्टमी हिंदू पंचांग के भाद्रपद महीने के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाई जाती है। इसे भगवान विष्णु के आठवें अवतार श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!