टीवी और फिल्मों के दिग्गज एक्टर सुधीर दलवी इन दिनों जिंदगी की एक मुश्किल जंग लड़ रहे हैं. ‘रामायण’ में गुरु वशिष्ठ और 1977 की फिल्म ‘शिरडी के साईं बाबा’ में साईं बाबा का यादगार किरदार निभाकर घर-घर पहचान बनाने वाले 86 साल के अभिनेता अब धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं और अस्पताल से घर लौट चुके हैं. हालांकि, उनकी हालत अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुई है. वह वॉकर के सहारे चल रहे हैं और उनकी मानसिक स्थिति भी पूरी तरह ठीक नहीं हुई है.
सुधीर दलवी को 7 अक्टूबर 2025 को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्हें सेप्सिस (sepsis) की गंभीर और जानलेवा जटिलताओं का सामना करना पड़ा था. यह एक गंभीर संक्रमण है, जो शरीर में तेजी से फैलकर जान के लिए खतरा पैदा कर सकता है.
करीब एक महीने अस्पताल में रहे, ICU तक पहुंची नौबत
सुधीर दलवी की बीमारी का असर उनके जोड़ों पर भी पड़ा और उनके हाथ-पैरों की मूवमेंट बुरी तरह प्रभावित हुई. हालत गंभीर होने के बाद उन्हें ICU में भी रखा गया. वह करीब एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रहे.
लंबे इलाज के साथ-साथ मेडिकल खर्च भी लगातार बढ़ता गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अस्पताल का बिल पहले 10 लाख रुपये के पार पहुंचा और बाद में बढ़ते-बढ़ते 19 लाख रुपये से ज्यादा हो गया. डॉक्टरों ने यह भी अनुमान जताया था कि इलाज का खर्च आगे और बढ़ सकता है. ऐसे मुश्किल वक्त में परिवार के सामने इलाज जारी रखने के साथ-साथ अस्पताल का भारी खर्च उठाने की चुनौती भी खड़ी हो गई.
अक्षय कुमार, रणबीर कपूर और कार्तिक आर्यन ने की मदद
जब खबर सामने आई कि सुधीर दलवी का परिवार अस्पताल के बढ़ते बिल को मैनेज करने में मुश्किलों का सामना कर रहा है, तो फिल्म इंडस्ट्री के कई लोग मदद के लिए आगे आए.
सुधीर दलवी की पत्नी सुहास दलवी ने हाल ही में बातचीत में बताया कि कार्तिक आर्यन, रणबीर कपूर और अक्षय कुमार मदद करने वालों में सबसे पहले लोगों में शामिल थे. हालांकि, उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री के अलावा बाहर से भी कई लोगों ने आर्थिक मदद की. सुहास ने कहा कि वह तुरंत सभी के नाम याद नहीं कर पा रही हैं, लेकिन इन कलाकारों ने मुश्किल समय में परिवार का साथ दिया.
साईं बाबा का किरदार बना लोगों से जुड़ाव की बड़ी वजह
सुधीर दलवी को सबसे ज्यादा पहचान साईं बाबा के किरदार से मिली थी. 1977 में आई फिल्म ‘शिरडी के साईं बाबा’ में उनका अभिनय इतना यादगार रहा कि वह इस किरदार के साथ लोगों के दिलों में बस गए. सुहास दलवी ने बताया कि बीमारी की खबर सामने आने के बाद बड़ी संख्या में साईं भक्त भी मदद के लिए आगे आए.
उन्होंने कहा- जब यह खबर फैली कि हम अस्पताल के बिल नहीं चुका पा रहे हैं, तो फिल्म इंडस्ट्री के बहुत से लोग आर्थिक मदद के लिए आगे आए. मैं तुरंत सभी के नाम याद नहीं कर सकती. लेकिन कार्तिक आर्यन, रणबीर कपूर और अक्षय कुमार मदद करने वालों में सबसे पहले थे. फिल्म इंडस्ट्री और उसके बाहर भी बहुत से लोग मदद के लिए आगे आए. मेरे पति को साईं बाबा का किरदार निभाने के लिए सबसे ज्यादा जाना जाता है. बहुत से साईं भक्त भी मदद के लिए आगे आए.
सुधीर की पत्नी ने आभार जताते हुए कहा कि- कौन कहता है कि हम बेदिल लोग हो गए हैं? मेरे पति की बीमारी के बाद लोगों का प्यार और उदारता देखकर मैं अभिभूत हूं.
साईं बाबा ट्रस्ट ने भी दिए 11 लाख
सुधीर दलवी के इलाज में मदद के लिए श्री साईबाबा संस्थान ट्रस्ट भी आगे आया. दिसंबर 2025 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने ट्रस्ट को सुधीर दलवी के इलाज के खर्च के लिए 11 लाख रुपये देने की अनुमति दी. इस तरह परिवार को फिल्म इंडस्ट्री, साईं भक्तों और अन्य लोगों की तरफ से भी आर्थिक मदद मिली और एक्टर का इलाज जारी रह सका.
अब सुधीर दलवी अस्पताल से घर लौट चुके हैं. लेकिन उनकी रिकवरी अभी काफी धीमी है. पत्नी ने कहा- वह अब घर पर हैं. अभी भी उन्हें वॉकर की मदद से चलना पड़ता है और उनका दिमाग कुछ हद तक डिसओरिएंटेड है. लेकिन वह घर आकर खुश हैं. मैं भी खुश हूं. अस्पताल सिर्फ महंगा ही नहीं था, बल्कि अस्पताल का माहौल भी मरीज के लिए काफी डराने वाला होता है.
‘अब पैसे नहीं, सिर्फ दुआओं की जरूरत है’
सुधीर दलवी की पत्नी ने साफ किया कि अब परिवार को आर्थिक मदद की जरूरत नहीं है. उनके मुताबिक, एक्टर को इलाज के लिए जितनी मेडिकल मदद मिल सकती थी, वह मिल चुकी है. अब उन्हें सिर्फ लोगों की दुआओं की जरूरत है.
सुहास ने कहा- मेरे पति को जितनी मेडिकल मदद मिल सकती थी, वह उन्हें मिल चुकी है. अब उन्हें सिर्फ दुआओं की जरूरत है. उनकी रिकवरी धीमी है. मैं खुद भी बुजुर्ग हूं और अस्थमा की मरीज हूं. लेकिन मैं हम दोनों की देखभाल करने की पूरी कोशिश कर रही हूं.
उन्होंने फिल्म एसोसिएशन से भी अपील की कि जो पैसा उन्हें हर महीने मदद के तौर पर भेजा जा रहा है, उसे अब किसी ऐसे व्यक्ति की मदद में लगाया जाए जिसे इसकी ज्यादा जरूरत है. उन्होंने कहा- हम फिल्म एसोसिएशन से अनुरोध करते हैं, जो बहुत कृपा करके हर महीने पैसे भेज रहा है, कि वह पैसा किसी ऐसे व्यक्ति के लिए इस्तेमाल करें जिसे इसकी ज्यादा जरूरत है.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!