यूपी के शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। करीब एक मिनट छह सेकेंड के फुटेज में अंकित के जिम से बाहर निकलने, कार के पास पहुंचने और इसके बाद चार हमलावरों द्वारा उसे घेरकर फायरिंग करने की पूरी घटना कैद हुई है। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार होते भी दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने फुटेज को जांच में शामिल कर हमलावरों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्तों की पड़ताल शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज में अंकित बड़े इत्मीनान से जिम से बाहर निकलकर अपनी कार के पास पहुंचये है। वह अपना बैग कार में रखने के बाद दूसरी ओर से कार में बैठने के लिए बढ़ते है। कार का दरवाजा खोलते ही है। इसी दौरान चार पैदल पैदल उनकी ओर आते दिखाई देते हैं। अंकित कुछ समझ पाता, इससे पहले ही चारों ने उसे घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरातफरी मच गई। बताया गया है कि हमलावरों ने करीब 25 राउंड फायर किए। इसके बाद चारों मौके से फरार हो गए। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस हमलावरों के हुलिए, उनकी गतिविधियों और वारदात से पहले तथा बाद के रास्तों की जानकारी जुटा रही है।
वारदात के समय घटनास्थल के आसपास लोगों की आवाजाही भी सीसीटीवी में दिखाई दे रही है। नाल पटरी पर कई लोग आते-जाते नजर आ रहे हैं। इसी दौरान अचानक फायरिंग शुरू होने पर वहां मौजूद लोग जान बचाकर भागने लगे।
फुटेज में एक महिला समेत कई लोग मौके से दूर जाते दिखाई दे रहे हैं। आसपास की कुछ दुकानों के शटर भी जल्दबाजी में बंद होते नजर आ रहे हैं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। हमलावरों के हाथों में हथियार होने के कारण किसी ने उन्हें रोकने या पकड़ने का प्रयास नहीं किया।
अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस को रास्ते के सीसीटीवी कैमरों से अहम सुराग मिले हैं। वारदात से पहले और बाद की फुटेज खंगालने पर चार संदिग्ध युवक दो बाइकों पर आते-जाते दिखाई दिए हैं। सभी की उम्र करीब 20 से 24 वर्ष के बीच बताई जा रही है। पुलिस अब फुटेज के आधार पर चारों की पहचान करने के साथ उनके आने-जाने के रूट को खंगाल रही है।
वारदात को अंजाम देने के बाद चारों हमलावर घटनास्थल के पास से सीधे बाइक पर सवार होकर नहीं भागे। घटना के तुरंत बाद वे गली के रास्ते पैदल निकल गए। इसके बाद बुढ़ाना रोड पर पहले से खड़ी अपनी दो बाइकों तक पहुंचे। वहां से चारों दो-दो की संख्या में बाइकों पर सवार हुए और इत्मीनान से फरार हो गए।
बदमाशों के इस तरीके से पुलिस को आशंका है कि उन्होंने पहले से ही भागने का रास्ता और बाइकों को खड़ा करने की जगह तय कर रखी थी। जांच में जुटी पुलिस को अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी मिली है। बुढ़ाना रोड से निकलने के बाद चारों संदिग्ध विजय चौक के आसपास लगे कैमरों में भी एक साथ जाते दिखाई दिए हैं।
पुलिस अब इन कैमरों की फुटेज को क्रमवार जोड़कर बदमाशों के भागने का पूरा रूट तैयार कर रही है। इसके साथ ही आगे के रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि विजय चौक से निकलने के बाद वे किस दिशा में गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्धों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज को तकनीकी जांच के लिए भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
अंकित बालियान की हत्या में बदमाशों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं। कुछ ही दूरी से करीब 20 राउंड गोलियां चलाई गईं। सूत्रों के मुताबकि पोस्टमार्टम से पहले कराए गए एक्सरे और सीटी स्कैन में अंकित के शरीर में नौ गोलियां लगने की पुष्टि हुई। इनमें चार गोलियां शरीर के आरपार निकल गईं, जबकि पांच गोलियां शरीर के अंदर धंसी पाई गईं। पांव से लेकर सिर तक गोलियों के निशान ने हमलावरों की बेरहमी की कहानी बयां कर दी।
बताया गया है कि अंकित के सिर में दो गोलियां लगीं, जो आरपार हो गईं। वहीं शरीर में धंसी पांच गोलियों में दो जांघ में, दो पेट में और एक गोली छाती के आसपास में मिली। अन्य दो गोलियां शरीर को आरपार करती हुई निकलीं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया से पहले चिकित्सकों ने शरीर में लगी गोलियों और उनके प्रवेश व निकास के स्थानों की पड़ताल के लिए एक्सरे और सीटी स्कैन कराया। इसके बाद चिकित्सकों की टीम ने पोस्टमार्टम शुरू किया।
वारदात के प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही बदमाशों ने अंकित पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू की तो गोलियां लगने के बाद वह जान बचाने के लिए पास खड़ी स्कॉर्पियो के पीछे छिपने का प्रयास करने लगा। हमलावरों ने उसका पीछा नहीं छोड़ा। अंकित के गाड़ी की ओट लेने पर बदमाश आगे की ओर पहुंच गए और स्कॉर्पियो पर भी फायरिंग की। तीन गोलियां गाड़ी के अगले हिस्से और शीशे को भेदती हुई निकल गईं।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!