बिहार के सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के रोहड़ा कला गांव में बुधवार सुबह दो पड़ोसियों के बीच खूनी झड़प हो गई। इस दौरान चाकू से किए गए हमले में 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला और उसका 25 वर्षीय बेटा घायल हो गए। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों की मदद से पकड़े गए दो आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
चाय पी रहे थे बुजुर्ग, घर में खाना बना रही थी महिला
मृतक की पहचान स्वर्गीय गरीब भगत के 75 वर्षीय पुत्र रामा नंदन प्रसाद के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में सूरज प्रसाद की 44 वर्षीय पत्नी बेबी देवी और 25 वर्षीय पुत्र किशन कुमार शामिल हैं। दोनों घायलों को इलाज के लिए बड़हरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां किशन कुमार का प्राथमिक उपचार किया गया। बेबी देवी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
दादा को खून से लथपथ देखा, मां को बचाने में बेटे को भी लगा चाकू
घायल किशन कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह उनके दादा घर के बाहर बैठकर चाय पी रहे थे। उनकी मां खाना बना रही थीं, जबकि वह खुद सो रहे थे। इसी दौरान अचानक कुछ आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर जब वह बाहर निकले तो अपने दादा को खून से लथपथ हालत में देखा। .ads-row{display:flex;gap:10px;flex-wrap:wrap;}
ग्रामीणों ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस को दी सूचना
किशन कुमार ने बताया कि आसपास के लोगों की मदद से हमला करने आए दो लोगों को पकड़ लिया गया। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। किशन ने बताया कि जब वह बाहर आए तो उनके दादा की मौत हो चुकी थी और उनकी मां के हाथ से खून बह रहा था। किशन के अनुसार, पड़ोसियों के साथ उनका कोई पुराना विवाद नहीं था। इसके बावजूद अचानक आकर हमला किया गया। हालांकि, घटना के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य, गांव में पुलिस कर रही कैंप
घटना की सूचना मिलते ही बड़हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस वहां कैंप कर रही है।
घायल के बयान पर प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी
बड़हरिया थानाध्यक्ष छोटन कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही गश्ती पदाधिकारी को मौके पर भेजा गया था। इसके बाद वह खुद भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। उन्होंने बताया कि घायल किशन कुमार के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। थानाध्यक्ष के मुताबिक, घटना के कारणों का अभी पता नहीं चला है। हिरासत में लिए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!