जिस महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो पाने के चलते पुलिस ने अंतिम संस्कार करा दिया था। उसकी हत्या हुई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मथुरा में जरारा नहर में गांव सिकंदरपुर के पास एक महीने पहले मिले महिला के शव की शिनाख्त गांव मामूरा, गौतमबुद्ध नगर निवासी कुंती के तौर पर हुई है। इस मामले में गला दबा कर हत्या करने का सुरीर थाने में दर्ज मुकदमा को थाना फेस-तीन गौतमबुद्ध नगर में ट्रांसफर कर दिया जायेगा। पहली पत्नी की शिकायत पर गौतमबुद्ध नगर थाने की पुलिस ने पत्नी की गला दबा हत्या कर नहर में फेंकने के आरोपी को गिरफ्तार कर चालान किया है। मामले विवेचना थाना फेस-तीन से होगी।
दरअसल 31 जुलाई को जरारा नहर में गांव सिकंदरपुर के समीप एक अज्ञात महिला का शव पड़ा था। इसकी जानकारी होने पर इलाका पुलिस ने शव कब्जे में कर पोस्टमार्टम को भेज शिनाख्त में जुट गयी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत का कारण गला दबा कर हत्या करना आने पर सुरीर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ महिला की हत्या कर सबूत छिपाने के मकसद से शव नहर में फेंकने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर शिनाख्त में जुटी, लेकिन तीन दिन तक उसकी पहचान न होने पर सुरीर पुलिस ने उसका अंतिम संस्कार करा दिया।
आसपास के थानों में गुमशुदगी की जानकारी के लिए महिला के फोटो आदि के पंपलेट छपवाकर विभिन्न जिलों में चस्पा कराए गए। सोशल मीडिया की मदद भी ली गयी। थानाध्यक्ष सुरीर अरुण कुमार ने बताया कि पुलिस अलीगढ़, जेवर, नोएडा, हरियाणा आदि स्थलों पर तलाश के प्रयास कर रही थी, तभी मृतका की सौतन ने थाना फेस-तीन में पति के खिलाफ जान से मारने की धमकी और कुंती की हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दे दी। इसे गंभीरता से लेते हुए थाना फेस-तीन गौतमबुद्ध नगर की पुलिस आरोपी को लेकर शनिवार को सुरीर थाने आयी। वहां पर मृतका का फोटो, कपड़े के आधार पर शिनाख्त कर आरोपी को अपने साथ ले गयी।
थानाध्यक्ष सुरीर अरुण कुमार ने बताया कि गांव मामूरा सेक्टर-71, गौतम बुद्ध नगर निवासी सुभाष चंद्र ने दो शादी की। पहली पत्नी होने के बाद भी उसने कुंती से दूसरी शादी की या उसे दूसरी पत्नी के रूप में रख रहा था। किसी बात को लेकर विवाद होने पर 26 जुलाई को कुंती की गला दबा कर हत्या करने के बाद उसके शव को सिकंदबाद, बुलंदशहर से मथुरा की ओर आने वाली नहर में फेंक दिया था। इसका उसकी पहली पत्नी को शक तो था, लेकिन उसने कोई ध्यान नहीं दिया। थानाध्यक्ष सुरीर ने बताया कि करीब सप्ताह पूर्व नशे में सुभाष चंद्र की अपनी पत्नी से कहा-सुनी हो गयी।
इसी दौरान उसके मुंह से निकल गया कि कुंती को मार कर फेंक दिया है अगर तू ज्यादा बड़बड़ करेगी तो तुझे भी मार दूंगा। इस पर पहली पत्नी ने थाना फेस-तीन गौतमबुद्ध नगर थाने में जान से मारने की धमकी व कुंती के बारे में पति द्वारा बतायी बात की सूचना दी। इस पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पंपलेट के फोटो आदि के मिलान के लिए शनिवार यहां लेकर आयी। यहां उसकी पहचान होने पर आरोपी को साथ ले गयी। अब सुरीर में लिखा गया हत्या कर सबूत छिपाने का मुकदमा भी गौतमबुद्ध नगर के संबंधित थाने में स्थानांतरित किया जा रहा है। इस मामले की अग्रिम विवेचना वहीं की पुलिस करेगी।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!