बक्सर में शनिवार दोपहर डुमरांव थाना क्षेत्र के समहार गांव के समीप सड़क किनारे युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव के ही मुलायम यादव के रूप में हुई है। शव नहर के चाट के किनारे घास में पड़ा मिला। युवक की कनपटी के पास गहरा जख्म देखकर गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
घास में शव देखकर लोगों ने पुलिस को दी सूचना जानकारी के अनुसार, दोपहर में रास्ते से गुजर रहे लोगों की नजर घास में पड़े युवक के शव पर पड़ी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। घटना की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, डीआईयू की टीम और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।
कनपटी पर जख्म, हाथापाई के भी मिले संकेत शव की स्थिति और कनपटी के पास मिले गहरे जख्म के आधार पर युवक को नजदीक से गोली मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। घटनास्थल के आसपास घास रौंदी हुई थी, जिससे हत्या से पहले हाथापाई होने की संभावना भी सामने आई है। शव से करीब 200 मीटर की दूरी पर एक चप्पल और लगभग 100 मीटर दूर दूसरी चप्पल तथा गमछा मिलने की बात सामने आई है। इन वस्तुओं के मिलने के बाद पुलिस घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
घटनास्थल से मिला ब्रेसलेट, एफएसएल टीम करेगी जांच पुलिस ने मौके से एक ब्रेसलेट भी बरामद किया है। बताया जा रहा है कि यह ब्रेसलेट मृतक का नहीं है। ऐसे में पुलिस इसे जांच के लिए महत्वपूर्ण सुराग मान रही है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। जांच टीम की मदद से यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि वारदात के दौरान वहां कौन-कौन मौजूद था।
एक दिन पहले विवाद की बात आई सामने मृतक के पिता उदयनारायण उर्फ वकील यादव के अनुसार, मुलायम का एक दिन पहले नवडेरा के कुछ युवकों से विवाद हुआ था। उन्होंने वारदात को लेकर आशंका जताई है, लेकिन फिलहाल किसी का नाम खुलकर बताने से परहेज कर रहे हैं। बताया गया है कि मुलायम अपने बहनोई की मोटरसाइकिल लेकर गांव से डुमरांव की ओर कुछ सामान खरीदने निकला था। इसी दौरान रास्ते में उसके साथ घटना हुई।
हत्या के पीछे प्रेम संबंध या जमीन विवाद जैसी आशंकाओं की भी चर्चा है, लेकिन इनकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ये भी पढ़ें- आक्रोश मार्च : दिल्ली में हंगामे के बीच बिहार में सत्तारूढ़ भाजपा क्यों उतरी सड़क पर? किससे कहा- माफी मांगो
हत्या या दुर्घटना, जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति डुमरांव डीएसपी समीर कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने के बाद डुमरांव थाने की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है। युवक की मौत हत्या से हुई है या दुर्घटना में, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!