मुंगेर के लड़ैयाटांड़ थाने में पदस्थापित पूर्णिया निवासी नवप्रोन्नत दारोगा रणधीर कुमार की पटना के आईजीआईएमएस में इलाज के दौरान मौत हो गई। पत्नी का आरोप है कि बीमारी के बावजूद छुट्टी और सोनपुर मेला ड्यूटी से राहत नहीं मिली।
बीमारी से जूझ रहे एक पुलिस अधिकारी की छुट्टी की गुहार अनसुनी रह गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मुंगेर जिले के लड़ैयाटांड़ थाने में पदस्थापित नवप्रोन्नत दारोगा रणधीर कुमार (45) का पटना स्थित आईजीआईएमएस में उपचार के दौरान निधन हो गया। बुधवार को उनका पार्थिव शरीर पूर्णिया जिले के केनगर प्रखंड अंतर्गत रहुआ पंचायत के पैतृक गांव घुसकी कल्याणपुर पहुंचा तो पूरे इलाके में मातम पसर गया। अंतिम दर्शन के लिए सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी।
पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कामाख्या ओपी के एसआई बिजेंद्र मंडल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दिवंगत दारोगा को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। मूल रूप से पूर्णिया जिले के कल्याणपुर गांव निवासी कार्तिक लाल यादव के पुत्र रणधीर कुमार वर्ष 2007 में बेतिया जिला बल में सिपाही के पद पर पुलिस सेवा में शामिल हुए थे। इसी वर्ष 20 सितंबर को पदोन्नति मिलने के बाद वे दारोगा (एसआई) बने थे। पिछले ढाई वर्षों से वे मुंगेर के लड़ैयाटांड़ थाने में पदस्थापित थे।
उनकी असामयिक मौत के बाद पुलिस महकमे में कार्य दबाव और छुट्टी की व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मृतक की पत्नी ज्योति कुमारी आजाद ने बताया कि रणधीर पिछले एक सप्ताह से बीमार चल रहे थे। समुचित इलाज कराने के लिए उन्होंने छुट्टी का आवेदन भी दिया था। खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए उन्होंने सोनपुर मेला ड्यूटी से भी अपना नाम हटाने की गुहार लगाई थी, लेकिन उनकी मांग पर कोई ध्यान नहीं दिया गया और उन्हें राहत नहीं मिली। .ads-row{display:flex;gap:10px;flex-wrap:wrap;}
परिजनों के अनुसार, सोमवार को ड्यूटी के मुद्दे पर उनकी थानाध्यक्ष से कहासुनी भी हुई थी। मंगलवार सुबह उनकी तबीयत अचानक काफी बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें आनन-फानन में मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया। पटना के आईजीआईएमएस में मंगलवार को इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।
रणधीर कुमार अपने पीछे पिता कार्तिक लाल यादव, पत्नी ज्योति कुमारी आजाद, दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिवार के इकलौते सहारे के चले जाने से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके करुण चीत्कार से वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
पुलिस सेवा में रहते हुए भी रणधीर कुमार समाज के हर वर्ग के लोगों के साथ सरल और सहज व्यवहार रखते थे। इसी वजह से क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी। एसोसिएशन, शाखा पूर्णिया के जिलाध्यक्ष नीतीश कुमार सहित संगठन के अन्य पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
अंतिम दर्शन करने और शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देने के लिए रहुआ की मुखिया सूफिया परवीन, गोआसी मुखिया सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष अफरोज आलम, सरपंच प्रतिनिधि नजरुल हक, पैक्स अध्यक्ष बीरेंद्र कुमार बिट्टू, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि रंजन कुमार, मुमताज आलम, शंभू शरण पोद्दार सहित कबैया, हरदा और मरंगा क्षेत्र के सैकड़ों लोग पहुंचे।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!