मुंगेर में सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली और फिर दोनों ने शादी कर ली। लेकिन नौ महीने बाद ही इस प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत हो गया। हवेली खड़गपुर प्रखंड की बहिरा पंचायत अंतर्गत मानपुर गांव में 20 वर्षीय नवविवाहिता शिवांगी कुमारी का शव ससुराल स्थित कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मायके वालों ने सास और ननद पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बरियारपुर प्रखंड के झौआ बहियार निवासी अखिलेश मंडल की पुत्री शिवांगी की करीब एक वर्ष पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हवेली खड़गपुर के मानपुर गांव निवासी शंभु सिंह के पुत्र संदीप कुमार से जान-पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई।
इसके बाद परिवार की सहमति से करीब नौ महीने पहले दोनों की शादी हो गई। शादी के बाद शिवांगी ससुराल में रह रही थी, जबकि उसका पति संदीप भागलपुर में एक टेंट हाउस में काम करता है।
मृतका के ससुर शंभु सिंह ने बताया कि बुधवार को वह अपनी पत्नी के साथ धपड़ी बाजार गए थे। सड़क जाम के कारण शाम करीब छह बजे घर लौटे। बहू की खोजबीन करने पर वह नहीं मिली। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजे के छेद से झांककर देखा तो बहू फंदे से लटकी हुई थी। दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया। उस समय उसकी सांसें चल रही थीं। ग्रामीण चिकित्सक के पास ले जाने के बाद उसे खड़गपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ससुर ने आत्महत्या के कारणों से अनभिज्ञता जताते हुए मायके वालों के आरोपों को गलत बताया। इधर, मृतका की मां कंचन देवी ने ससुराल वालों पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि घटना से करीब एक घंटे पहले बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी। उस समय वह बिल्कुल सामान्य और खुश थी। इसके बाद रात में ससुराल वालों ने फोन कर फंदे से लटककर आत्महत्या करने की सूचना दी। मां ने सास और ननद पर हत्या कर शव को फंदे से लटकाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना पर गुरुवार शाम शामपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, मुंगेर भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस पूरे मामले की जांच कररही है
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!