मुजफ्फरपुर के गोबरसही-डुमरी मार्ग पर नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से विस्फोट हुआ। हादसे में एक व्यक्ति की मौत और आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हुए। प्रशासन ने जांच कमेटी गठित कर 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी है।
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र में गोबरसही-डुमरी मुख्य सड़क मार्ग पर सोमवार को नाला निर्माण के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने और विस्फोट की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया है। घटना की जांच के लिए जिला प्रशासन ने तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने राहत एवं बचाव कार्यों के साथ ही घटना से हुई क्षति और प्रशासनिक कार्रवाई की पूरी जानकारी ली।
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि घटना के बाद जिला प्रशासन, जिला पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, एसडीआरएफ और आईओसीएल की टीमें मौके पर मौजूद हैं। सभी संबंधित टीमें निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार लोगों की सहायता के लिए आवश्यक कार्रवाई कर रही हैं। घटनास्थल पर रेस्क्यू ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है।
राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के लिए अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है। प्राप्त सूचना के अनुसार, घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों का इलाज एसकेएमसीएच में चल रहा है, जबकि दो अन्य घायलों का उपचार सदर अस्पताल में किया जा रहा है। सिविल सर्जन और चिकित्सकों को घायलों के इलाज पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया है।
घटना में कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन की ओर से क्षति का आकलन किया जा रहा है। सरकार के निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप मृतक के निकटतम परिजन, घायलों और क्षतिग्रस्त मकानों के स्वामियों को सहायता प्रदान की जाएगी।
नाला निर्माण के दौरान क्षतिग्रस्त हुई गैस पाइपलाइन डीएम कुमार गौरव ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के अनुसार, पथ निर्माण विभाग की ओर से सड़क पर नाला निर्माण कराया जा रहा था। इस दौरान जेसीबी से खुदाई की जा रही थी। इसी क्रम में गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन में गैस का रिसाव होने के कारण विस्फोट की घटना हुई।
24 घंटे में जांच रिपोर्ट देने का निर्देश जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी। इसके लिए अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन विभाग, मुजफ्फरपुर की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई है। समिति में अनुमंडल पदाधिकारी, मुजफ्फरपुर पूर्वी और जिला अग्निशमन पदाधिकारी को शामिल किया गया है। जांच कमेटी को 24 घंटे के भीतर विधिवत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के विरुद्ध जिम्मेदारी निर्धारित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाएगी। इसके अनुपालन को भी सख्ती से सुनिश्चित कराया जाएगा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!