उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में स्टेशन पर मिली एक अनजान महिला को सुनसान जगह पर ले जाकर रेलवे कर्मचारी ने रेप किया और उसके बाद उसका कत्ल कर डाला। महिला की न्यूड डेडबॉडी 3 सितंबर को मिली थी। इसकी शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने हत्यारोपी रेलवे कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है। वह देवरिया का रहने वाला रेलवे का प्वाइंट्स मैन अभय कुमार तिवारी है। महिला की लाश गोरखपुर झगहां थाना क्षेत्र के दुबियारी पुल गहिरा मोड़ के पास मिली थी।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में अभय ने महिला को सुनसान स्थान पर ले जाने और उसके साथ जबरन संबंध बनाने की बात स्वीकार की है। दोबारा जबरदस्ती करने का विरोध करने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई और आरोपी के धक्का देने से महिला के सिर में चोट लगने से मौत हो गई। पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि के बाद पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी नार्थ ज्ञानेन्द्र ने बताया कि तीन सितंबर को झंगहा थाना क्षेत्र के दुबियारी पुल गहिरा मोड़ के पास एक महिला का शव मिला था। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया था। महिला की पहचान और घटना के खुलासे के लिए झंगहा पुलिस के साथ फोरेंसिक, साइबर, सर्विलांस, स्वाट और एसओजी की टीमें लगाई गईं थी। शव के पास मिले मोबाइल में लगे सिम के सीडीआर से महिला की लोकेशन गोरखपुर रेलवे स्टेशन के आसपास मिली। इसके बाद स्टेशन और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
करीब 100 पुलिसकर्मियों की अलग-अलग टीमें बनाकर रूट के कैमरे चेक किए गए। टीमों ने करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में महिला एक व्यक्ति के साथ स्कूटी पर रेलवे स्टेशन से मोहद्दीपुर, कूड़ाघाट, खोराबार, रामनगर करजहा और मोतीराम अड्डा होते हुए घटनास्थल की ओर जाती दिखाई दी। पुलिस ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फुटेज दिखाकर व्यक्ति की पहचान कराने का प्रयास किया। इसके बाद उसकी पहचान गोरखपुर में तैनात रेलवे में प्वाइंट्स मैन अभय तिवारी के रूप में हुई।
महिला के हत्या का तो पुलिस ने खुलासा कर लिया है लेकिन उसकी पहचान चुनौती बनी हुई है। एसपी नार्थ ज्ञानेन्द्र ने बताया कि सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। महिला की पहचान के लिए पुलिस, सर्विलांस और साइबर टीम लगातार प्रयास कर रही है। मोबाइल नंबर की सीडीआर से मिली लोकेशन के आधार पर टीम भेजकर भी महिला की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के रामपुर शुक्ल गांव निवासी अभय कुमार तिवारी को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ की गई तो उसने घटना कबूल करते हुए बताया कि महिला उसे दो सितंबर की देर शाम करीब 7:30 बजे गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर मिली थी। महिला बोल नहीं पा रही थी। पुलिस के मुताबिक, अभय ने महिला को संबंध बनाने के इरादे से उसी रात दुबियारी पुल गहिरा मोड़ के पास सुनसान जगह पर ले जाने और उसके साथ जबरन संबंध बनाने की बात बताई। पुलिस के अनुसार दोबारा जबरदस्ती करने के प्रयास का महिला ने विरोध किया। इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई हुई और अभय ने महिला को धक्का दे दिया। महिला जमीन पर गिर गई और उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी डर के कारण महिला को वहीं छोड़कर स्कूटी से फरार हो गया। झंगहा पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद कर ली है। आरोपित रेलकर्मी शादीशुदा है और बच्चों का पिता है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!