कांग्रेस संसदीय दल (सीपीपी) की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' के विमोचन के अवसर पर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा कई अन्य खास मेहमान भी मौजूद रहे। इस अवसर पर उनके बेटे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपनी मां के साहसिक व्यक्तित्व और जिजीविषा पर बात की। राहुल ने बताया कि उनकी मां चार बार कैंसर को मात दे चुकी हैं, लेकिन उन्होंने कभी उन्हें डरते या मुश्किलों के सामने पीछे हटते नहीं देखा।
बकौल राहुल गांधी, सोनिया गांधी कैंसर सर्वाइवर रही हैं। किताब में दो बार कैंसर से उबरने का उल्लेख है और तीन बार कैंसर का जिक्र किया गया है। हालांकि, वास्तविकता यह है कि उनकी मां चार बार कैंसर को मात दे चुकी हैं। हालांकि, वह इन सब बातों को बहुत हल्के में लेती हैं। राहुल ने कहा, 'मैंने अपनी जिंदगी में उन्हें कभी डरते हुए नहीं देखा। कभी पीछे हटते हुए नहीं देखा।'
राहुल गांधी ने सोनिया गांधी के प्रति पिता राजीव गांधी के प्रेम और सम्मान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह यह बात अपनी मां से बताना चाहते हैं कि राजीव गांधी उनसे कितना प्यार करते थे। राहुल गांधी ने भावुक होते हुए कहा, "मैं यह भाषण इसलिए देना चाहता था क्योंकि, मम्मी, पापा आपसे बहुत प्यार करते थे और मैं आपको बता भी नहीं सकता कि उन्हें आप पर कितना गर्व होता।"
उन्होंने अपने माता-पिता के प्रेम और उनके पारिवारिक जीवन का जिक्र किया। साथ ही, राजीव गांधी की हत्या के बाद सोनिया के जीवन में आए बदलावों पर भी बात की। राहुल ने कहा, सोनिया और राजीव के बीच गहरा प्रेम था। बचपन में उन्होंने अपने माता-पिता को केवल एक बार झगड़ते देखा था। यह तब हुआ जब राजीव गांधी फोन पर अमरिंदर सिंह से बात कर रहे थे। सोनिया कुछ कहना चाह रही थीं लेकिन जवाब न मिलने पर बहस हुई।
राहुल गांधी ने माता-पिता की मुलाकात से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि कैम्ब्रिज स्थित ‘वर्सिटी रेस्तरां’ में उनके माता-पिता पहली बार मिले थे। राहुल कई साल बाद अपनी गर्लफ्रेंड के साथ उस रेस्तरां में गए। वहां के एक कर्मचारी ने उनके माता-पिता को पहचानने का दावा किया। राहुल ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि प्यार में पड़ने के लिए वर्सिटी रेस्तरां जाना चाहिए, पर चिकन चॉसर खाने से बचना चाहिए।
राहुल ने कहा कि राजीव गांधी की हत्या ने उनकी मां की जिंदगी पूरी तरह बदल दी। उनके निधन के बाद सोनिया गांधी का मिलनसार व्यक्तित्व त्रासदी के बाद भीतर सिमट गया। बाद में भारत के गांवों और आम लोगों ने सोनिया को अपनापन दिया। राहुल ने मां की दृढ़ता की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से भी लड़ाई लड़ी, पर कभी डर या कमजोरी जाहिर नहीं की। यह पुस्तक उनके माता-पिता के प्रेम और सोनिया के जीवन की महत्वपूर्ण यात्रा को सामने लाती है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!