मामला बिसौली कोतवाली के रानेट चौराहे के समीप स्थित जय भोले फार्म हाउस एवं भोजनालय का है। बताया जाता है कि होटल की पहली मंजिल पर बने कमरों में काफी समय से देह व्यापार का धंधा चल रहा था। रविवार शाम एक महिला चिकित्सक को दिखाने होटल के पास पहुंची थी। आसपास के दुकानदारों ने उस पर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। महिला के विरोध करने पर दुकानदारों ने शोर मचाते हुए होटल में युवतियों और युवकों के मौजूद होने की बात कही। सूचना मिलते ही सीओ अंशुमान श्रीवास्तव और कोतवाल सर्वेंद्र शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने होटल की तलाशी ली तो दो युवतियां और नौ युवक मिले। होटल मालिक और संचालक मौके से गायब मिले।
पुलिस ने दोनों युवतियों को लाने वाले ऑटो और उसके चालक को भी पकड़ लिया। युवकों के दो स्कूटर भी कब्जे में लिए गए। सीओ अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि पकड़े गए नौ युवकों में आठ बिसौली और एक उघैती का रहने वाला है। पुलिस होटल मालिक और संचालक की तलाश में जुटी है। देह व्यापार का धंधा चलाए जाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई की जानकारी फैलते ही नगर में खलबली मच गई। देर रात तक लोग घटना को लेकर चर्चा करते रहे। वहीं कार्रवाई को लेकर हल्का दरोगा की भूमिका पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं और मामले में रिपोर्ट तलब किए जाने की बात सामने आई है।
रानेट चौराहे स्थित एक होटल में करीब दो माह से पुलिस की नाक के नीचे जिस्मफरोशी का धंधा संचालित होने की चर्चा है। घटनास्थल से बमुश्किल सौ कदम की दूरी पर अस्थायी पुलिस चौकी भी है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब 20 दिन पहले हल्का दरोगा और कोतवाली पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। चर्चा यह भी है कि अवैध धंधे से होने वाली कमाई में स्थानीय पुलिस की हिस्सेदारी थी, जिसके चलते पुलिस इस गोरखधंधे से नजरें हटाए रही। रविवार को ग्रामीणों ने मामले की सूचना एसडीएम प्रियंका गोयल और सीओ अंशुमान श्रीवास्तव को दी। इसके बाद पुलिस ने होटल में छापामार कार्रवाई शुरू की।
रानेट चौराहे स्थित होटल में रविवार को हुई छापामार कार्रवाई के दौरान वहां दो लग्जरी गाड़ियां खड़ी दिखाई दीं। इनमें एक सफेद रंग की बोलेरो थी, जिस पर चेयरमैन पदनाम लिखे होने की बात सामने आई, जबकि दूसरी थार गाड़ी थी। ग्रामीणों ने बताया कि कार्रवाई पूरी होने से पहले ही दोनों गाड़ियां वहां से चली गईं। दुकानदारों का कहना है कि एक लग्जरी गाड़ी होटल पर आई, कुछ देर रुकी और फिर बिसौली की ओर चली गई। थार गाड़ी के भी होटल पर बार-बार आने की चर्चा है। दोनों गाड़ियों को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का दावा है कि होटल पर रसूखदार परिवारों के लोग भी आते-जाते थे। गाड़ियों में कौन लोग सवार थे और उनका होटल से क्या संबंध था, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।
जिस्मफिरोशी के धंधे में शामिल लोग मुरादाबाद से कालगर्ल को बुलाते थे। जो इस धंधे में लंबे समय से शामिल हैं। पकड़ी गईं दो लड़कियां मुरादाबाद की रहने वाली हैं और जिस्मफिरोश के लिये मुरादाबाद से ऑटो से यहां आतीं थीं। इस धंधे में ऑटो चालक भी शामिल हैं। पुलिस लड़कियों से उसके गिरोह में शामिल लड़कियों के बारे में जानकारी ले रही है। इस संबंध में एसपी देहात डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया, रानेट चौराहे के पास गेस्ट हाउस में अनैतिक देह व्यापार की सूचना पर कार्रवाई की गई। मौके से 10 पुरुष और दो महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!