श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा आ रहे प्रदेश के मुख्यमंत्री भगवान श्रीकृष्ण की जन्म और लीला स्थली को 446.09 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद और मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की 42 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इनमें 263.69 करोड़ रुपये की लागत वाली 19 परियोजनाओं का शिलान्यास तथा पूर्ण हो चुकी 23 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा। इन लोकार्पित परियोजनाओं पर 182.39 करोड़ रुपये की लागत आई है।
शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद से गोवर्धन तहसील के ऊंचागांव में सखीगिरी पर्वत के 30 हेक्टेयर वन क्षेत्र का ईको-रेस्टोरेशन, महावन के प्रेमनगर स्थित बौद्ध विहार परिसर में पर्यटक सुविधाओं का विकास, शेरगढ़ स्थित श्री दाऊजी मंदिर परिसर का संरक्षण, पंडाल, पार्किंग एवं सुलभ प्रसाधन का निर्माण, फरह के दीनदयाल धाम में पर्यटन अवस्थापना केंद्र का निर्माण, वृंदावन परिक्रमा मार्ग स्थित भवनों में फसाड़ लाइटिंग, सौंदर्यीकरण एवं साइनेज तथा गोवर्धन में पर्यटन सुविधाओं का विकास शामिल है।
वहीं, मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की प्रमुख परियोजनाओं में छाता क्षेत्र में 30 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान रोड का निर्माण, छटीकरा-वृंदावन मार्ग का सौंदर्यीकरण, मथुरा कट से टैंक चौराहा मार्ग का सौंदर्यीकरण, लक्ष्मी नगर तिराहे से कृष्णापुरी तिराहे तक सड़क का उच्चीकरण, बरसाना परिक्रमा मार्ग पर पार्किंग एवं पर्यटक सुविधाओं का विकास तथा श्रीकृष्ण जन्मस्थान के आसपास गलियों और मार्गों पर स्ट्रीट फसाड का विकास शामिल है।
उन्होंने बताया कि ब्रज तीर्थ विकास परिषद की लोकार्पित होने वाली परियोजनाओं में अकबरपुर जैत में टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर, करहला में बज्रनाभ समाधि का पुनरुद्धार एवं सौंदर्यीकरण, वृंदावन के सुनरख में सौभरि ऋषि वाटर बॉडी का सौंदर्यीकरण, नौहझील के झाड़ी वाले हनुमान मंदिर पर श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विकास और पानीगांव स्थित यमुना पुल पर फसाड लाइटिंग शामिल है। इसके अलावा मथुरा परिक्रमा मार्ग का नवीनीकरण एवं विकास, विभिन्न भाषाओं में साइनेज बोर्ड, गीता शोध संस्थान एवं रासलीला अकादमी में गेस्ट हाउस, यमुना एक्सप्रेस-वे से पागल बाबा मंदिर-वृंदावन रोड पर नया प्रवेश द्वार तथा विभिन्न बॉर्डर प्वाइंट पर भव्य प्रवेश द्वार भी लोकार्पित किए जाएंगे।
मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की लोकार्पण परियोजनाओं में केशीघाट पर फसाड लाइटिंग, वृंदावन कुंभ मेला मैदान में श्रद्धालुओं के लिए शेड, बरसाना में यात्री शेड, वाटर प्वाइंट, होल्डिंग एरिया एवं शौचालय तथा विश्व बैंक सहायतित प्रो-पुअर पर्यटन विकास परियोजना के तहत सीएलटी सेंटर, इंटीग्रेटेड फ्लावर मैनेजमेंट सेंटर, आर्टीशन सेंटर फॉर कृष्णा पोशाक और जैंत मॉडल आर्टीशन विलेज जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!