यूपी के रायबरेली जिले के ग्रामीण इलाकों में आवागमन की सुविधा बेहतर करने के लिए लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-एक की ओर से 19 सड़कों के नवनिर्माण की तैयारी शुरू कर दी गई है। करीब 29 किलोमीटर लंबाई में बनने वाली इन सड़कों पर लगभग 18 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही तीन स्थानों पर नए छोटे पुल का निर्माण भी कराया जाएगा। इन सेतुओं पर करीब 3.5 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होंगे। सड़कों और सेतुओं के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ गांवों की मुख्य मार्गों से कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने जिले में 29 किलोमीटर की लंबाई वाली 19 सड़कों के निर्माण की रूपरेखा बनाई है। इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा तीन नए लघुसेतु बनवाने के लिए भी साढ़े तीन करोड़ की योजना बनी है। हालांकि प्रहरी पोर्टल बंद होने के चलते टेंडर एक महीने बाद खुलेंगे और काम बारिश के बाद शुरू होगा। लोक निर्माण विभाग द्वारा अलग-अलग ग्राम सभाओं में 19 सड़कों के नवनिर्माण की योजना में उन मार्गों को शामिल किया गया है, जिनके निर्माण से ग्रामीण आबादी को स्थानीय स्तर पर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
विभाग की योजना बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने की है। पीडब्ल्यूडी सूत्रों के अनुसार, निर्माण कार्य समय से शुरू कराने के लिए विभाग की ओर से टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हालांकि, ठेकेदारों के अनुसार विभाग का निर्धारित प्रहरी पोर्टल फिलहाल एक महीने के लिए बंद है। इसके चलते निर्माण कार्य के लिए जारी किए गए टेंडर में ठेकेदार करीब एक माह बाद ही अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। ऐसे में टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू होने की स्थिति स्पष्ट होगी।
सड़कों के साथ तीन नए लघु सेतुओं का निर्माण भी प्रस्तावित है। सलोन विधानसभा क्षेत्र में नाले के ऊपर दो लघु सेतुओं का निर्माण कराया जाएगा, जबकि ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में एक सेतु बनेगा। इन तीनों कार्यों पर करीब 3.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सेतुओं के निर्माण से बारिश और जलभराव वाले स्थानों पर आवागमन की समस्या कम होने की उम्मीद है।
सदर विधानसभा क्षेत्र में पांच नई सड़कों का निर्माण करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से कराया जाएगा। ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र में आठ नई सड़कों पर करीब आठ करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, सलोन विधानसभा क्षेत्र में करीब सात करोड़ रुपये की लागत से नई सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इस तरह तीनों विधानसभा क्षेत्रों में सड़क ढांचे को मजबूत करने के लिए करीब 18 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। विभाग के मुताबिक बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराने की तैयारी है। अब टेंडर प्रक्रिया और प्रहरी पोर्टल से जुड़ी प्रक्रिया पूरी होना निर्माण कार्य की अगली महत्वपूर्ण कड़ी होगी। काम शुरू होने के बाद इसकी गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा में पूरा होना ग्रामीणों के लिए सबसे अहम होगा।
निर्माण खंड एक अधिशासी अभियंता सुनील दत्त ने बताया कि तीन विधान सभा में 19 नव निर्माण के कार्य कराए जाने हैं। जिनके टेंडर लगाए गए हैं। बारिश के समाप्त होने के बाद कार्य शुरू कर दिए जाएंगे।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!