समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एनडीए में सीटों के बंटवारे को लेकर एक्स पर तंज क्या कसा, भाजपा के सहयोगी उन्हें चौतरफा घेरने में जुट गए हैं। पहले केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के पति और योगी सरकार में मंत्री आशीष पटेल ने हमला बोला। अब कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के अध्यक्ष ओपी राजभर ने निशाना साधा है। राजभर ने अखिलेश से इंडिया गठबंधन में सीटों को लेकर सवाल पूछ लिया और यहां तक कहा कि ओवैसी को कैसे हैंडल करेंगे।
राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर अखिलेश यादव को घेरते हुए सलाह दी कि दूसरों के गठबंधन की फिक्र करने के बजाय अपनी पार्टी, परिवार और आंतरिक राजनीतिक चुनौतियों पर ध्यान दें। अखिलेश पर हमला बोलते हुए ओपी राजभर ने अपनी चिर-परिचित अंदाज में पोस्ट लिखी है।
राजभर ने लिखा कि "मित्र अखिलेश जी, वैसे तो आप चार्टर प्लेन में चलते हैं लेकिन कभी जहाज़ में चले होंगे तो एयरहोस्टेस अनाउंसमेंट करती हैं कि दूसरों की सुरक्षा से पहले अपनी सुरक्षा ख़ुद करें। ये नियम आप की राजनीति में भी लागू होता है दोस्त। अपना इंडी अलायन्स (INDIA Alliance) तो चल नहीं पा रहा है और दूसरों की सीट बांट रहे हैं।
राजभर ने कहा कि एनडीए में सहयोगियों को कितनी सीटें मिलेंगी, यह भाजपा से बातचीत करके तय कर लेंगे। इसकी फिक्र करने की जरूरत नहीं है। अखिलेश ने जिस तरह से प्वाइंटर में बताया कि क्यों लोगों ने भाजपा को वोट नहीं देने का फैसला किया है, उसी तरह राजभर ने भी प्वाइंट में बताया कि सपा प्रमुख को क्या चिंताएं सता रही हैं।
राजभर ने कहा कि अखिलेश के पास संभालने के लिए बहुत कुछ है, लेकिन वे बिना वजह एनडीए सहयोगियों की चिंता में लगे हैं। उन्होंने दावा किया, "हम लोग एक थे, एक हैं और एक रहेंगे। चुनाव में फिर जीतेंगे और जनता की सेवा करेंगे। कहा कि आपके इस माइंड गेम से हमारा खेल नहीं बिगड़ने वाला। साथ ही पूछा कि कांग्रेस को कितनी सीटें देंगे, ज़रा ये तो बता दीजिए? ये भी साफ़ कर दीजिए कि कांग्रेस आपका छोटा भाई है या बड़ा भाई।
1-गठबंधन कैसे बचाएं
2-कांग्रेस को कैसे मनाएं
3-परिवार को कैसे जिताएं
4-चुनाव हार कर पार्टी कैसे बचाएं
5-उद्दंड कार्यकर्ताओं को कैसे बचाएं
6-अपराधियों को कैसे बचायें
7-चच्चू (शिवपाल यादव) को कैसे संभालें
8-बाग़ियों को कैसे रोकें
9-इमरान मसूद का क्या करें
10-ओवैसी को कैसे हैंडल करें
अखिलेश यादव ने सूत्रों के हवाले से दावा किया कि भाजपा अपनी हार देखकर और पीडीए के दबाव-जवाब में अपने सहयोगी दलों को इधर-उधर छटकने से बचाने के लिए सीटों का फार्मूला तय कर चुकी है। अखिलेश ने भाजपा सहयोगियों को यूपी में मिलने जा रही सीटों की संख्या भी बताई। कहा कि जयंत चौधरी की आरएलडी को 73, राजभर की सुभासपा को 39, संजय निषाद की निषाद पार्टी को 31 और अनुप्रिया की अपना दल को 19 सीटें मिलने जा रही हैं। आगे यह भी कह दिया कि पीडीए की आबादी के हिसाब से यह सीटें भी कम हैं।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!