खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार के अरवल जिले में सरकारी स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नगर परिषद और सदर प्रखंड क्षेत्र के कई सरकारी स्कूलों में बच्चों की थाली में परोसी गई सब्जी में छोटे-छोटे सफेद कीड़े मिलने से अफरा-तफरी मच गई। भोजन में कीड़े देखकर बच्चे डर गए और उन्होंने खाना खाने से इनकार करते हुए अपनी थालियां तक फेंक दीं। मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में भी हड़कंप मच गया है।
करीब 75 स्कूलों में एजेंसी के जरिए पहुंचा था भोजन
जानकारी के मुताबिक, नगर परिषद और सदर प्रखंड क्षेत्र के करीब 75 सरकारी स्कूलों में एजेंसी के माध्यम से मध्याह्न भोजन की सप्लाई की गई थी। स्कूलों में भोजन परोसने के दौरान कई जगह सब्जी के अंदर छोटे-छोटे सफेद कीड़े दिखाई दिए। बच्चों और रसोइयों की नजर जैसे ही सब्जी में मौजूद कीड़ों पर पड़ी, स्कूल प्रशासन ने तुरंत भोजन परोसना बंद कर दिया। कई बच्चों ने डर के कारण अपनी थाली में रखा खाना फेंक दिया। घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्कूलों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सब्जी में कीड़े देखकर बच्चों ने फेंकी थाली
सैदपुर ढाबा प्राथमिक विद्यालय, राजकीय प्राथमिक विद्यालय खनकुलीपुर और उमैराबाद प्राथमिक विद्यालय समेत कई स्कूलों में इस तरह की शिकायत सामने आई है। बच्चों ने बताया कि वे रोज की तरह खाना खाने बैठे थे। जैसे ही उनकी थाली में सब्जी परोसी गई, उसमें छोटे-छोटे कीड़े दिखाई दिए। इसे देखकर बच्चे डर गए और खाना खाने के बजाय अपनी थालियां फेंक दीं। घटना के बाद बच्चों के अभिभावकों में भी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता के साथ-साथ उसकी निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
शिक्षा विभाग ने शुरू कराई जांच
मामले की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। जिला शिक्षा पदाधिकारी असगर हुसैन ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मध्याह्न भोजन को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान अगर भोजन की गुणवत्ता में अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। फिलहाल जिन स्कूलों में भोजन को लेकर शिकायत सामने आई है, वहां इसकी आपूर्ति रोक दी गई है।
भोजन की गुणवत्ता और निगरानी पर उठे सवाल
सरकारी स्कूलों में बच्चों को पोषण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्याह्न भोजन योजना चलाई जाती है। ऐसे में अरवल के स्कूलों में भोजन की सब्जी में कीड़े मिलने की घटना ने इसकी गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि भोजन में कीड़े किस स्तर की लापरवाही के कारण पहुंचे और इसके लिए जिम्मेदार लोगों या एजेंसी के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!