Bihar Weather Today 1st September: सावन सूखा बीता। अब मानसून के सितंबर में भी जोर पकड़ने की संभावना काफी कम दिख रही है। मौसम विज्ञान विभाग ने अपने पूर्वानुमान में इसकी आशंका व्यक्त की है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार पूरे देश में सितंबर में सामान्य से 25 फीसदी कम बारिश हो सकती है। वहीं, बिहार में यह आंकड़ा 30 से 35 फीसदी कम रह सकता है।
इन सब के बीच बिहार में सितंबर महीने का आगाज बारिश, आंधी और वज्रपात से होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बक्सर, लखीसराय, खगड़िया, बेगूसराय, शेखपुरा, नालंदा, नवादा, औरंगाबाद, गया, कैमूर और रोहतास में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि दक्षिण पश्चिम बिहार में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है। इसके साथ ही 2,3 और 4 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश का पूर्वानुमान है।
पटना मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार के करीब 20 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात हो सकता है। गया, पटना, भोजपुर, बक्सर, समेत आसपास के कुछ जिलों में बिजली गिरने की आशंका है।
मुजफ्फरपुर जिले में अगले चार दिनों तक छिटपुट बारिश हो सकती है। हालांकि, तापमान में कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान पूर्व की तरह सामान्य से कुछ अधिक तो न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है। मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार तक के मौसम पूर्वानुमानों में इसकी संभावना जताई है। सोमवार को अधिकतम के साथ ही न्यूनतम तापमान में तेजी से कमी आई। पिछले एक पखवाड़े से सामान्य से काफी उपर बना रहनेवाला अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे चला गया। इस दौरान उमस की मात्रा भी काफी अधिक रही। हालांकि, तेज चली पुरवा हवा ने कुछ राहत दी।
पूसा स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के नोडल अधिकारी डॉ. ए. सत्तार ने बताया कि अगले तीन चार दिनों तक जिले में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। 25 से 30 किमी की गति से पुरवा हवा चलने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
वहीं सुबह से ही धूप खिलने के बावजूद तापमान में तेजी से गिरावट आई। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस गिरकर 33 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान में 1.5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। यह सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान नमी की औसत मात्रा 85 प्रतिशत रही। 10 किमी प्रतिघंटे की गति से चली पुरवा हवा ने उमस से लोगों को राहत दी।
भागलपुर जिले में सोमवार को दोपहर 12 बजे तक आसमान में घने बादल छाए रहे। जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। सबौर समेत आसपास के इलाकों में औसत 5.6 मिलीमीटर बारिश हुई। दिन का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री रहा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार एक व दो सितंबर के दौरान एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है।
पूर्णिया में अगस्त महीने में मात्र 55 प्रतिशत बारिश हुई है, जबकि 45 प्रतिशत बारिश कम हुई है। अगस्त महीने में 211 मिलीमीटर बारिश हुई है। सोमवार को सुबह में आसमान में बादल छाए रहने से मौसम सुहावना बना रहा। दोपहर में झमाझम बरसात होने से तपिश से लोगों को राहत मिली लेकिन शहर के विभिन्न गली मोहल्ले में जल जमाव से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोमवार दोपहर 9.2 मिलीमीटर बारिश हुई। इस दौरान सोमवार दोपहर को झमाझम बारिश होने से शहर के कई गली मोहल्ले में नाला नहीं होने से लोगों को नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ा।
खासकर छोटे छोटे बच्चों को स्कूल भेजने में अभिभावकों को काफी फजीहत का सामना करना पड़ा। गली मोहल्ले में जल जमाव से गंदे पानी होकर चलने पर लोगों को बीमार होने की आशंकाएं बनी रहती है। खासकर शहर के डालर हाउस चौक, श्रीनगर हाता, प्रभात कालोनी, हनुमान नगर, जनता चौक, प्रोफेसर कालोनी, पोलीटेक्निक चौक, महराजी हाता, साहवान हाता, भट्टा बाजार, लाइन बाजार, मंझेली चौक, हनुमान नगर, अरगड़ा चौक, रामबाग , सिपाही टोला, रामनगर,मधुबनी बाजार, खुशकीबाग, गुलाबबाग के कई जगहों पर स्थित विभिन्न गली मोहल्ले में जलजमाव हो गया।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!