समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पंचायत चुनाव में देरी के मुद्दे पर भाजपा को घेरा है। रविवार को लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पंचायत चुनाव कराने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा, दरअसल जनता के बीच जाना नहीं चाहती है। सरकार में आने पर महिलाओं को 40 हजार रुपए सालाना देने के वादे को दोहराते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वे लोग कहते हैं कि 40 हजार रुपए कहां से आएंगे? हम लोग तो 40 हजार दे रहे हैं, वे कहते हैं 50 हजार देंगे। उसमें 20 हजार दे रहे हैं बाकी उधार रखेंगे।
सपा प्रमुख ने कहा कि बिहार की महिलाएं इनको ढूंढ रही हैं। 10 हजार देने के बाद ये नजर नहीं आ रहे। उन्होंने कहा कि हमारी योजना की ही नकल करके ये पश्चिम बंगाल में 3000 रुपए दे रहे हैं। जब पश्चिम बंगाल में 3000 रुपए दे सकते हैं तो फिर यूपी में क्यों नहीं दे सकते। यूपी का बजट पश्चिम बंगाल से दोगुना है। सबसे बड़ी बात है कि भाजपा के राज में जो लूट और महाडकैती हो रही है उसका पैसा बचाकर हम लोग महिलाओं को देंगे। अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में वादों की झड़ी लगा दी। उन्होंने कहा कि हम बच्चियों को कन्या विद्या धन भी देंगे।
अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जुझौतिखण्ड गढ़कुंडार नरेश महाराजा खेतसिंह खंगार जूदेव जी को वह सम्मान नहीं मिला जो मिलना चाहिए था। हम उनकी अष्टधातु की प्रतिमा लखनऊ में सबसे कीमती जगह पर लगवाएंगे। इसके अलावा जातीय जनगणना के हिसाब से इनके समाज को हक और सम्मान देंगे। समाजवादी पार्टी की सरकार बनी तो तीन महीने के अंदर जातीय जनगणना करवाएंगे।
अखिलेश यादव ने ओमप्रकाश राजभर पर तंज कसते हुए कहा कि हरदोई में अर्कवंशी समाज का हमने कार्यक्रम किया था लेकिन हमारे वह साथी हमको छोड़ कर चले गए। हम आपको सम्मान देंगे। हम चाहते हैं कि आपके समाज के लोग सरकार बनने पर लाल बत्ती से अपने गांव में जाएं। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को निशाने पर रखते हुए कहा कि जो लोग अपने प्रधानमंत्री और अपने पहले अध्यक्ष का सम्मान नहीं कर पाए वह किसी का क्या सम्मान करेंगे। उन्होंने उनकी मूर्ति लगाने में ही घोटाला कर दिया है।
अखिलेश यादव ने लखनऊ के अकबरपुर में बुलडोजर ऐक्शन का उल्लेख करते हुए कहा कि इन्होंने अकबर नगर को बर्बाद कर दिया। वहां मंदिर-मस्जिद तोड़े गए। जेपीएनआईसी मामले में जिस आर्किटेक्ट की जांच को यह बोल रहे थे, उसको दिल्ली का रेलवे स्टेशन बनाने का 3 हजार करोड़ का ठेका दे दिया है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार ने कन्नौज में उत्तर प्रदेश का पहला काऊ मिल्क प्लांट भी बेच दिया। इसके अलावा छतर मंजिल बेच दिया। क्लार्क होटल के बगल की बेशकीमती जमीन भी बेच दी है।
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियन की हत्या पर अखिलेश यादव ने कहा कि दूसरे प्रदेश के माफिया आकर उत्तर प्रदेश में 18 गोलियां चला रहे हैं।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!