खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान को चेतावनी दी है कि अगर अमेरिकी नौसेना के जहाजों पर हमला किया गया तो अमेरिका ईरान के तेल टैंकरों को नष्ट कर देगा और समुद्र में डुबो देगा। यह चेतावनी ऐसे समय आई है, जब अमेरिकी सेना ने तीन ईरानी तेल टैंकरों को निशाना बनाने की जानकारी दी है और ईरान ने अमेरिकी युद्धपोतों पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागने का दावा किया है।
हेगसेथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अमेरिकी सेंट्रल कमांड के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर के बयान को साझा करते हुए कहा कि अगर ईरान अमेरिकी जहाजों पर गोली चलाता है तो उसके तेल टैंकरों को नष्ट और डुबो दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ईरान को सिर्फ अमेरिकी नौसेना पर हमला नहीं करना है।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, शनिवार को अमेरिकी सेना ने तीन ईरानी कच्चे तेल ले जाने वाले टैंकरों पर हमला किया। इनमें एक टैंकर खार्ग द्वीप के पास था, जो ईरान का प्रमुख तेल निर्यात केंद्र है। अमेरिकी सेना ने बताया कि इनमें M/T Kylo भी शामिल था, जो ओमान की खाड़ी में डूब गया। सेंट्रल कमांड ने इसे पूरी तरह नष्ट किए जाने की जानकारी दी। दो अन्य टैंकरों M/T Downy और M/T Stark 1 को भी अमेरिकी सेना ने निष्क्रिय करने की बात कही है।
Thanks to the precision and professionalism of American service members, the M/T Kylo sank in the Gulf of Oman today and joined Iran’s navy at the bottom of the sea. pic.twitter.com/OwSDMl8SSQ
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने M/T Kylo पर हमले का वीडियो जारी किया है। वीडियो में टैंकर आग की लपटों में घिरा दिखाई दे रहा है। अमेरिकी सेना के मुताबिक, चालक दल को पहले जहाज छोड़ने का निर्देश दिया गया था और इसके बाद जहाज को पूरी तरह निष्क्रिय कर दिया गया। CENTCOM ने कहा कि अमेरिकी सैनिकों की कार्रवाई के बाद M/T Kylo ओमान की खाड़ी में डूब गया। अमेरिका के अनुसार, यह कार्रवाई ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की ओर से अमेरिकी नौसेना के दो जहाजों की ओर बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने के बाद की गई।
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने दावा किया कि उसने एक अमेरिकी विमानवाहक पोत और एक गाइडेड-मिसाइल विध्वंसक को बैलिस्टिक मिसाइलों से निशाना बनाया। हालांकि, इन दावों की अमेरिका की ओर से तत्काल पुष्टि नहीं हुई। ईरानी सेना ने यह भी चेतावनी दी कि अगर ईरानी जहाजों के खिलाफ कार्रवाई और नौसैनिक नाकाबंदी जारी रही तो अमेरिकी सैन्य जहाजों के खिलाफ उसके हमले पहले से ज्यादा गंभीर हो सकते हैं और उनका दायरा भी बढ़ सकता है।
ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम ने दावा किया कि खर्ग के पास एक टैंकर पर चार अमेरिकी मिसाइलें दागी गईं। स्थानीय सूत्रों के हवाले से एजेंसी ने बताया कि हमले में कोई हताहत नहीं हुआ और टैंकर के चालक दल को बाहर निकाला जा रहा था। इन दावों की तत्काल स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!