लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन शनिवार को खरना का अनुष्ठान पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। इसके साथ ही व्रतियों ने खरना का महाप्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत की शुरुआत की। इस अवसर पर राजधानी पटना में कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों के आवास पर खरना का प्रसाद ग्रहण करने के लिए आम और खास लोगों की भीड़ जुटी।
नितिन नवीन के आवास पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने ग्रहण किया प्रसाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के टेलर रोड स्थित आवास पर पारंपरिक विधि-विधान के साथ खरना का आयोजन किया गया। इस दौरान बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत कई गणमान्य लोग पहुंचे। सभी ने खरना का प्रसाद ग्रहण किया।
इस मौके पर नितिन नवीन ने कहा कि यह खुशी की बात है कि युवा पीढ़ी भी छठ महापर्व को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ अपना रही है। नई पीढ़ी के जुड़ाव से इस पर्व की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा शिक्षा और रोजगार के लिए अमेरिका समेत दुनिया के अलग-अलग शहरों में रहते हैं, लेकिन अपनी सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े हुए हैं। यही वजह है कि विदेशों में भी छठ की गूंज सुनाई देती है। अब दूसरे राज्यों के लोग भी इस पर्व को पूरी आस्था के साथ मनाने लगे हैं।
शिक्षा मंत्री ने खुद बांटा खरना का प्रसाद दूसरी ओर, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास पर भी खरना के अवसर पर विशेष आयोजन हुआ। उनकी पत्नी छठ का व्रत कर रही हैं। इस मौके पर राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह टाइगर और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार समेत कई नेता पहुंचे। शिक्षा मंत्री ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और अपने हाथों से खरना का प्रसाद वितरित किया।
मिथिलेश तिवारी ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, पवित्रता, अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह पर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता जताने के साथ ही परिवार और समाज के प्रति अपने दायित्वों का भी बोध कराता है। उन्होंने छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
खरना के बाद शुरू हुआ कठिन निर्जला व्रत छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना का विशेष धार्मिक महत्व है। दिनभर उपवास रखने के बाद व्रती शाम को पूजा-अर्चना कर गुड़ की खीर, रोटी और अन्य पारंपरिक पकवानों का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद करीब 36 घंटे का कठिन निर्जला व्रत शुरू होता है। इस दौरान व्रती पानी तक ग्रहण नहीं करते। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!