मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज रक्षा बंधन के दिन बड़ी सौगात देंगे। लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार को दो प्रमुख सड़क परियोजनाओं की सौगात बिहार वासियों को मिलने जा रही है। मीठापुर-करबिगहिया फ्लाईओवर और मीठापुर-महुली फ्लाईओवर का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे। इसके बाद दोनों फ्लाईओवर पर वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। पथ निर्माण विभाग और बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड ने संयुक्त रूप से फ्लाईओवर के उद्घाटन की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
पथ निर्माण विभाग और पुल निर्माण निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, दोनों परियोजनाओं के उद्घाटन से पहले गुरुवार शाम तक फिनिशिंग कार्य, लाइटिंग और साइनेज लगाने का काम पूरा कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों फ्लाईओवर का मुख्य उद्देश्य शहर को जाम मुक्त करना और बिना किसी बाधा के बाहरी रिंग रोड और राष्ट्रीय राजमार्गों से जोड़ना है, ताकि लोग कम समय में अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
करबिगहिया-मीठापुर फ्लाईओवर के चालू होने से करबिगहिया, मीठापुर और स्टेशन रोड पर लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। कंकड़बाग, मीठापुर और न्यू बाईपास से आने वाले वाहन सीधे जीपीओ, आर-ब्लॉक और सचिवालय की ओर जा सकेंगे। करबिगहिया गोलंबर के पास भी ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो जाएगा। करबिगहिया स्टेशन के बाहर रोजाना लगने वाले भीषण जाम से लोगों को स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। आर-ब्लॉक, जीपीओ, सचिवालय और बीरचंद पटेल पथ की ओर से आने वाले वाहन बिना नीचे उतरे सीधे मीठापुर, न्यू बाईपास और पुनपुन-महुली एलिवेटेड रोड की ओर जा सकेंगे। इसकी कनेक्टिविटी मीठापुर-सिपारा-महुली फ्लाईओवर से की गई है।
पटना जंक्शन के करबिगहिया छोर पर जाने वाले यात्रियों के लिए नीचे चौड़ी सर्विस रोड का निर्माण किया गया है। इससे यात्री बिना किसी रुकावट के स्टेशन परिसर तक पहुंच सकेंगे।
मीठापुर-महुली-पुनपुन एलिवेटेड रोड परियोजना के दूसरे चरण में मीठापुर से सिपारा के बीच 2.1 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड के शुरू होने से मीठापुर से महुली होते हुए पुनपुन की ओर आना-जाना आसान हो जाएगा। मीठापुर से महुली तक करीब नौ किलोमीटर का सफर सात से आठ मिनट में पूरा होगा। फेज-1 में सिपारा से महुली-पुनपुन सड़क पहले से चालू है। जून 2025 में इसे आम लोगों के लिए खोल दिया गया था। इसके चालू होने से सिपारा से महुली के बीच की दूरी अब महज पांच से छह मिनट में तय हो रही है। दूसरे चरण में मीठापुर से सिपारा के बीच करीब 2.1 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड तैयार किया गया है।
फ्लाईओवर के चालू होने से बाईपास, मीठापुर और सिपारा मार्ग पर रोजाना लगने वाले भीषण जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। दक्षिण बिहार जाने वालों के लिए भी यह सुगम मार्ग साबित होगा। गया जी, जहानाबाद, औरंगाबाद, अरवल और बिहारशरीफ-राजगीर की ओर जाने वाले यात्री अब शहर के ट्रैफिक में फंसे बिना सीधे और तेजी से निकल सकेंगे।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!