Jhansi Video Viral: ओरछा से झांसी पहुंची कांवड़ यात्रा में पुष्पवर्षा के लिए लगाए गए हेलीकॉप्टर की खतरनाक उड़ान से हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में हेलीकॉप्टर को काफी नीचे उड़ते हुए दिखाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हेलीकॉप्टर की तेज हवा से कई स्थानों पर होर्डिंग्स और टेंट हिल गए, एक चाय का ठेला पलट गया तथा कुछ बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ने से वे सड़क पर गिर पड़े। हालांकि हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
बुंदेलखंड कांवड़ यात्रा समिति के बैनर तले आयोजित यात्रा में शासन की ओर से हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराया गया था। हेलीकॉप्टर से मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे और आईजी आकाश कुलहरि पुष्पवर्षा कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इलाइट चौराहे के आसपास हेलीकॉप्टर काफी नीचे आ गया, जिससे तेज हवा का दबाव महसूस किया गया। कई जगह बैनर-पोस्टर और होर्डिंग्स हिल गए तथा कुछ स्थानों पर टहनियां टूटने की भी बात सामने आई। मिशन कंपाउंड गेट के पास चाय की रेहड़ी लगाने वाले निखिल अग्रवाल ने बताया कि हेलीकॉप्टर की हवा से उनका ठेला पलट गया और सामान बिखर गया। उन्होंने कहा कि मौके पर मौजूद लोग दहशत में आ गए थे। यात्रा मार्ग पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और दर्शक मौजूद थे, जिसके चलते कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पूर्व पायलट कैप्टन सुरेंद्र सिंह ने वायरल वीडियो के आधार पर कहा कि हेलीकॉप्टर को जिस तरह उड़ाया गया, वह जोखिम भरा प्रतीत होता है। उनके अनुसार, भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में इतनी कम ऊंचाई पर उड़ान से डाउनवॉश (रोटर से पैदा होने वाली तेज हवा) का असर बढ़ जाता है, जिससे लोगों और संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
कांवड़ यात्रा में करीब 8 से 10 हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने का दावा किया गया है। यात्रा के स्वागत के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग खड़े थे। हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा देखने के लिए लोगों की निगाहें आसमान पर थीं, लेकिन तेज हवा और नीचे उड़ान की वजह से कई स्थानों पर लोग घबराकर इधर-उधर हटने लगे। घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष के बीच कांवड़ यात्रा गुरुवार को मध्य प्रदेश के ओरछा से झांसी पहुंची थी। यात्रा में संत-महंतों सहित हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कांवड़िए ओरछा से जल लाकर श्री सिद्धेश्वर पीठ में भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।
पूर्व पायलट कैप्टन सुरेंद्र सिंह ने वायरल वीडियो के आधार पर कहा कि हेलीकॉप्टर को जिस तरह उड़ाया गया, वह जोखिम भरा प्रतीत होता है। उनके अनुसार, भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में इतनी कम ऊंचाई पर उड़ान से डाउनवॉश (रोटर से पैदा होने वाली तेज हवा) का असर बढ़ जाता है, जिससे लोगों और संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!