नोएडा में चलती स्लीपर बस में एक 16 साल की छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना के बाद दिल्ली सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि पड़ोसी राज्यों से दिल्ली आने वाली बसों पर नजर रखी जाएगी। इसके लिए पड़ोसी राज्यों से दिल्ली आने वाली बसों के GPS सिस्टम को दिल्ली सरकार से जोड़ा जाएगा ताकि आपात स्थिति में तुरंत ऐक्शन लिया जा सके और महिलाओं, बच्चों की सुरक्षा को मजबूत किया जा सके।
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार पड़ोसी राज्यों से आने वाली बसों के GPS सिस्टम को राष्ट्रीय राजधानी प्रशासन के संबंधित विभाग के सिस्टम से जोड़ने की योजना बना रही है। यही नहीं दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी आवाजाही करने वाली बसों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पड़ोसी राज्यों से बातचीत भी करेगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर चिंता जताई और कहा कि बस ड्राइवर और कंडक्टर की भूमिका डराने वाली है। दिल्ली सरकार पड़ोसी राज्यों के साथ बातचीत करेगी। बसों में महिलाओं की सुरक्षा को और कड़ी करने के लिए कदम उठाए जाएंगे। इस सनसनीखेज वारदात ने दिल्ली में 2012 के निर्भया कांड की दर्दनाक यादें ताजा कर दी हैं।
बता दें कि 16 साल की छात्रा के साथ गैंगरेप की घटना 4 अगस्त की रात की है। यूपी के मैनपुरी जिले की रहने वाली पीड़िता नोएडा में अपने रिश्तेदार से मिलने जा रही थी। स्लीपर बस के कंडक्टर और ड्राइवर ने छात्रा से चलती बस में गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने बच्ची को कश्मीरी गेट के पास छोड़ दिया। दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, 3 अगस्त को 11वीं कक्षा की छात्रा की मां ने उसको डांटा था। इससे नाराज होकर 4 अगस्त को उसने घर छोड़ दिया था। वह नोएडा सेक्टर 63 के लिए बस में चढ़ी जहां उसका करीबी रिश्तेदार रहता है। पीड़िता ने बताया कि बारिश हो रही थी। वह गलती से रात नौ बजे के आसपास ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई। बाद में वह बस में सवार हो गई। कंडक्टर ने उससे कहा कि बस सेक्टर-63 की ओर जा रही है।
जांचकर्ताओं ने बताया कि खराबी आने के बाद बस को मरम्मत के लिए ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर एक मैकेनिक के पास ले जाया गया था। वारदात के बाद बस चालक और कंडक्टर ने पीड़िता को घटनास्थल से दूर कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र के तहत आने वाले रिंग रोड पर बस से उतार दिया।
उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट ने बताया कि 4 अगस्त की रात को कश्मीरी गेट थाने में पीड़िता ने शिकायत दी कि उसके साथ नोएडा में एक बस में सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। पीड़िता की तुरंत मेडिकल जांच कराई गई और मामला दर्ज दर्ज किया गया। सीसीटीवी कैमरों की मदद से कुछ ही घंटों में बस का भी पता लगा लिया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान बस ड्राइवर कुलदीप (39) और कंडक्टर संदीप (26) के तौर पर हुई है। दोनों ने कथित तौर पर वारदात का विरोध करने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी दी। दोनों कानपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि उनको 4 अगस्त को उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर में एक पार्किंग स्थल से गिरफ्तार किया गया था। बस को जब्त कर लिया गया है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!