केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारी 8वें वेतन आयोग की सिफारिशों का इंतजार कर रहे हैं। सबसे ज्यादा चर्चा फिटमेंट फैक्टर को लेकर है, क्योंकि इसी के आधार पर मौजूदा बेसिक सैलरी को नए वेतन ढांचे में बदलने का अंदाजा लगाया जा सकता है। 7वें वेतन आयोग में 2.57 का फिटमेंट फैक्टर लागू किया गया था, जबकि कर्मचारी और पेंशनर संगठन इस बार इससे काफी ज्यादा फिटमेंट फैक्टर की मांग कर रहे हैं। 8वें वेतन आयोग की ओर से कर्मचारी, पेंशनर और अन्य हितधारकों के साथ बातचीत का सिलसिला भी आगे बढ़ रहा है। अगस्त 31 और 1 सितंबर 2026 को जयपुर में चर्चा प्रस्तावित है, जिसके बाद सितंबर में चेन्नई और पुडुचेरी में बैठकें होंगी। हालांकि, अभी अंतिम फिटमेंट फैक्टर तय नहीं हुआ है। इसलिए नीचे दिए गए आंकड़े केवल संभावित गणना हैं, अंतिम वेतन नहीं।
आसान भाषा में समझें तो फिटमेंट फैक्टर वह गुणक है, जिसके आधार पर मौजूदा बेसिक पे को संशोधित बेसिक पे में बदलने का अनुमान लगाया जाता है। उदाहरण के लिए अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी ₹35,400 है और फिटमेंट फैक्टर 2.0 माना जाए, तो अनुमानित नई बेसिक सैलरी ₹70,800 होगी। इसी तरह 2.57 फैक्टर होने पर यह रकम करीब ₹90,978 हो जाएगी। हालांकि, वास्तविक वेतन निर्धारण में वेतन आयोग की अंतिम सिफारिशें, पे मैट्रिक्स और सरकार की मंजूरी महत्वपूर्ण होगी।
Level 5:- 7वें वेतन आयोग में Level 5 की शुरुआती बेसिक सैलरी ₹29,200 है। 2.0 फिटमेंट फैक्टर पर यह करीब ₹58,400, 2.1 पर ₹61,320, 2.25 पर ₹65,700 और 2.57 पर लगभग ₹75,044 हो सकती है। यानी फिटमेंट फैक्टर जितना ज्यादा होगा, अनुमानित बेसिक पे उतनी ही अधिक होगी।
Level 6:- इस स्तर की शुरुआती बेसिक सैलरी ₹35,400 है। 2.0 फैक्टर पर अनुमानित बेसिक ₹70,800, 2.1 पर ₹74,340, 2.25 पर ₹79,650 और 2.57 पर करीब ₹90,978 हो सकती है। इस स्तर में कई महत्वपूर्ण तकनीकी और प्रशासनिक पद शामिल होते हैं।
Level 7:- Level 7 की शुरुआती बेसिक सैलरी ₹44,900 है। 2.0 फैक्टर पर यह ₹89,800, 2.1 पर ₹94,290, 2.25 पर ₹1,01,025 और 2.57 पर करीब ₹1,15,393 हो सकती है।
Level 8:- Level 8 की शुरुआती बेसिक सैलरी ₹47,600 है। 2.0 फैक्टर पर अनुमानित बेसिक ₹95,200, 2.1 पर ₹99,960, 2.25 पर ₹1,07,100 और 2.57 पर लगभग ₹1,22,332 हो सकती है। Level 5 से 8 में वरिष्ठ क्लर्क, तकनीकी कर्मचारी, जूनियर इंजीनियर, डिविजनल अकाउंटेंट, सेक्शन ऑफिसर, इंस्पेक्टर और वरिष्ठ सुपरवाइजर जैसे पद शामिल हो सकते हैं।
कर्मचारी संगठनों की मांग इससे भी ज्यादा है। NC-JCM, AIDEF और भारत पेंशनर्स समाज (Bharat Pensioners’ Samaj) ने 3.833 फिटमेंट फैक्टर की मांग रखी है, जबकि भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ (Bhartiya Pratiraksh Mazdoor Sangh) ने 4.0 की मांग की है। हालांकि, इन मांगों का मतलब यह नहीं है कि सरकार इन्हीं दरों को मंजूर करेगी।7वें वेतन आयोग में भी कर्मचारी संगठनों ने 3.71 की मांग की थी, लेकिन सरकार ने 2.57 फिटमेंट फैक्टर मंजूर किया था। इसलिए, 8वें वेतन आयोग में 2.0, 2.1, 2.25 या 2.57 जैसे आंकड़ों पर आधारित यह गणना केवल संभावित तस्वीर दिखाती है। अंतिम बेसिक सैलरी का फैसला 8वें वेतन आयोग की सिफारिश और केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!