आईएएस दिव्या मित्तल के इस्तीफे को लेकर उत्तर प्रदेश की नौकरशाही से लेकर सियासी गलियारों तक चर्चाओं का बाजार गर्म है। इस बीच सोमवार को दिव्या मित्तल का इस्तीफा नियुक्ति विभाग को मिल गया। इसमें इस्तीफे के कारण पारिवारिक और निजी बताए गए हैं। उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक इसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा, क्योंकि अंतिम निर्णय वहीं से होना है।
यूपी काडर की वर्ष 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने रविवार को इस्तीफा दे दिया था। दिव्या को बीती मई में देवरिया के डीएम के पद से हटाकर राजस्व विभाग में अपेक्षाकृत कम महत्व के विशेष सचिव के पद पर तैनात किया गया था। वे तभी से असहज बताई जा रही थीं। सूत्रों के मुताबिक उनका त्यागपत्र केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) को भेजने का निर्णय लिया गया है। इस विभाग के मंत्री प्रधानमंत्री हैं, इसलिए अंतिम निर्णय उच्चस्तर पर ही होना है। फाइल राष्ट्रपति भवन तक जाएगी क्योंकि आईएएस अधिकारियों के नियुक्ति प्राधिकारी वही होते हैं।
आईएएस दिव्या मित्तल अपने काम करने के तरीके और जनता से सीधे जुड़ाव के चलते काफी लोकप्रिय रही हैं। अपने इस्तीफे की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए दी। रविवार को सुबह 7:52 बजे उन्होंने एक मार्मिक और भावुक पोस्ट साझा की। इसमें उन्होंने लिखा, आज मैंने 13 वर्षों की अविस्मरणीय यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देते हुए आईएएस से त्यागपत्र दे दिया है। वहीं, नियुक्ति विभाग के जिम्मेदारों का कहना है कि अभी तक दिव्या का इस्तीफा नहीं मिला है। कार्यालय खुलने पर सोमवार को संभवत: मिल जाए।
मेहनत और मशक्कत के बाद देश की सर्वोच्च सेवा (आईएएस) बनने वालों की बीच नौकरी में इस सेवा से मोह भंग होने की संख्या बढ़ती जा रही है। सिर्फ यूपी की बात करें तो पिछले कुछ सालों में वीआरएस लेने और इस्तीफा देने वालों की संख्या काफी तेजी से बढ़ी है। कुछ आईएएस अफसरों ने तो इसलिए इस्तीफा दे दिया कि उन्हें मनमुताबिक काम नहीं मिला। वर्ष 2023 के रिंकू सिंह राही ने राजस्व परिषद में रहते हुए इसलिए इस्तीफ दे दिया कि उन्हें मनमुताबिक काम नहीं मिला। इसके कुछ समय बाद उन्होंने इस्तीफा वापस लिया तो उन्हें जालौन में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनाती दी गई। हालांकि, वे वहां भी काम को लेकर चर्चाओं में हैं। पीसीएस से आईएएस बनने वाले राकेश वर्मा ने पीसीएस सेवा में वापस होकर वीआरएस ले लिया था।
आईएएस अफसर दिव्या मित्तल के पति गगनदीप सिंह ढिल्लों ने भी चार साल पहले साल 2022 में सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया था। गगनदीप सिंह 2011 बैच के भारतीय व्यापार सेवा (आईटीएस) अधिकारी थे। इस्तीफा देते समय वे केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय में संयुक्त महानिदेशक के पद पर थे। उन्होंने आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बेंगलुरु से उच्च शिक्षा प्राप्त की थी।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!