रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में 101 करोड़ रुपए की 12 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। साथ ही राष्ट्र प्रेरणा स्थल के पास चौराहे पर अमर स्वतंत्रता सेनानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने सपा पर जोरदार हमला किया। साथ ही बिना नाम लिए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को घेरा। उन्होने कहा कि ''ये दंगों के बादशाह हैं, कर्फ्यू इनकी पहचान है, प्रदेश के खजाने में लूट-खसोट इनकी आदत का हिस्सा है। खाली जमीनों पर सपाई गुंडों का कब्जा और 'देख सपाई-बिटिया घबराई' इनकी पहचान है। ये लोग आज फिर से समाज को बांटने का प्रयास कर रहे हैं''।
सीएम योगी ने निशाना साधते हुए कहा कि पीडीए के नाम पर बांटने वाले लोगों की आप कल्पना कर सकते हैं कि ये कैसे लोग हैं। जिन्होंने बाबूजी कल्याण सिंह के निधन पर पुष्पांजलि अर्पित करने जाना तो दूर, एक ट्वीट तक नहीं किया। इन्होंने लखनऊ में एक स्मारक बनवाया। भारत के लोकतंत्र को बचाने के लिए जिन्होंने अपना जीवन लगा दिया था, उनके नाम का स्मारक बनवाया। जय प्रकाश नारायण के नाम का 200 करोड़ रुपए का जेपीएनआईसी प्रोजेक्ट शुरू किया। उस पर खर्च कर दिए 864 करोड़ रुपए, तब भी वह अधूरा रहा। 18 महीने में पूरा होना था, उसमें 2 साल लगा दिए तब भी अधूरा ही रहा। इसके बाद कोशिश की कि इस प्रोजेक्ट पर समाजवादी पार्टी का कब्जा हो जाए। उसके लिए एक कमेटी गठित की। उस कमेटी में अखिलेश यादव, डिंपल यादव, अखिलेश यादव के निजी सचिव, सपा के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी थे। उसे अपना अड्डा बना लिया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक महापुरुष के इस अपमान को डबल इंजन की सरकार स्वीकार नहीं कर सकती। अगर हमारी पॉलिसी माफिया को मिट्टी में मिलाने की है तो बेईमानी और भ्रष्टाचार के खिलाफ भी जीरो टॉलरेंस की है। ये पैसा सैफई सिंडिकेट का नहीं, ये पैसा उत्तर प्रदेश की जनता का है। सीएम योगी ने कहा कि अवंतीबाई लोधी के नाम पर लखनऊ की पीएसी वाहिनी, वीरांगना ऊदा देवी पासी के नाम पर गोरखपुर की पीएसी महिला वाहिनी, वीरांगना झलकारी बाई कोरी के नाम पर और पीएसी वाहिनी का नाम अवंती बाई लोधी के नाम पर रखा है। अभी हम लोग स्नातक फाइनल इयर की 50,000 बेटियों को महारानी लक्ष्मीबाई के नाम पर स्कूटी देने जा रहे हैं।
वहीं रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि लखनऊ का जिस तेजी से विकास हुआ है, उसमें यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ जी का बहुत बड़ा योगदान है। जब भी लखनऊ के किसी प्रतिनिधि ने मुख्यमंत्री जी के सामने कोई विकास संबंधी बात रखी, उन्होंने उसमें पूरा सहयोग दिया। मुझे प्रसन्नता है कि उत्तर प्रदेश सरकार, रक्षा मंत्रालय और उद्योग जगत मिलकर विकास के कार्य को आगे बढ़ा रहे हैं। जब केंद्र और राज्य सरकार की सोच एक दिशा में चलती है तो विकास की गति स्वाभाविक रूप से कई गुना बढ़ जाती है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!