यूपी की राजधानी लखनऊ में जानकीपुरम थाना क्षेत्र में इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे की ट्रैफिक पुलिस चौकी में साइकिल से जा रहे लॉ के छात्र को रोककर बंद करने और पिटाई का आरोप लगा है। छात्र की शिकायत के बाद विश्वविद्यालय के कई छात्र मौके पर पहुंच गए और विरोध में सड़क जाम करने की कोशिश की। मौके पर हंगामे के बाद मड़ियांव पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाला।
मामला शुक्रवार दोपहर का है। सीतापुर के रहने वाले गुलशन कुमार लखनऊ विश्वविद्यालय में लॉ सेकंड ईयर के छात्र हैं। गुलशन का आरोप है कि वह साइकिल से विश्वविद्यालय जा रहे थे। इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर स्थित ट्रैफिक पुलिस चौकी के पास उन्हें रोक लिया गया। गुलशन ने जानकीपुरम थाने में दी तहरीर में कहा है कि चौकी में मौजूद होमगार्ड मिथलेश यादव, राकेश यादव और सिविल ड्रेस में एक अन्य व्यक्ति ने उसे जबरन अंदर ले जाकर बंद कर दिया और मारपीट की। छात्र का यह भी आरोप है कि जब एक बुजुर्ग ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उसके साथ भी धक्का-मुक्की की गई। पिटाई की खबर फैलते ही विश्वविद्यालय के कई छात्र मौके पर पहुंच गए।
छात्रों ने चौकी के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी और इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर सड़क जाम करने का प्रयास किया। इससे चौराहे पर आवागमन बाधित हो गया और कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई।छात्रों का आरोप था कि घटना की सूचना के बावजूद जानकीपुरम पुलिस मौके पर देरी से पहुंची। सूचना पर मड़ियांव पुलिस टीम पहुंची और छात्रों से बातचीत कर उन्हें समझाया। पुलिस के आश्वासन के बाद छात्र शांत हुए और यातायात सामान्य किया गया।
पीड़ित छात्र गुलशन कुमार ने जानकीपुरम थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। चौकी पर उस समय मौजूद कर्मियों और अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने चौकी के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले में शांति बनाए रखने की अपील की है।
घटना के बाद विश्वविद्यालय के छात्रों में पुलिस के रवैये को लेकर नाराजगी देखी गई। छात्रों का कहना था कि सूचना के 20 मिनट बाद भी जानकीपुरम पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद मड़ियांव पुलिस को बुलाना पड़ा। छात्रों ने मांग की कि चौकी में मारपीट करने वालों पर तुरंत मुकदमा दर्ज हो। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर छात्रों को शांत किया।
इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे की ट्रैफिक चौकी पहले भी विवादों में रह चुकी है। यहां छात्रों और राहगीरों से अभद्रता की शिकायतें पहले भी आ चुकी हैं। इस बार लॉ छात्र के साथ हुई घटना के बाद पुलिस कमिश्नरेट ने चौकी पर तैनात कर्मियों के व्यवहार की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई होगी।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!