लखनऊ में डबल मर्डर और सुसाइड यानी तीन मौतों से जुड़े तीन सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। एक सीसीटीवी फुटेज में बैंक के बाहर हत्या के बाद कर्मचारी डर और दहशत में भागते नजर आ रहे हैं। दूसरे फुटेज में दिव्या लंगड़ाते हुए दिखाई दे रही हैं। दिव्या की बहन पत्रकार और यूट्यूबर प्रज्ञा मिश्रा ने इन फुटेज को अपने सोशल मीडिय हैंडल पर पोस्ट किया है। दिव्या के लंगड़ाने का कारण बताया है और हत्या करने वाले मानस के पास से बरामद तीन रिवाल्वर को लेकर सवाल उठाए हैं। पूछा कि आखिर बैंक कर्मचारी के पास तीन रिवाल्वर कहां से आए। प्रज्ञा को शक है कि मानस की कोई मदद कर रहा था। हत्या के बाद आसानी से उसका मौके से भाग जाना संदेह पैदा कर रहा है।
लखनऊ के गोमतीनगर में गुरुवार की दोपहर आईसीआईसीआई बैंक के सामने ही महिला अधिकारी दिव्या मिश्रा की उसके पति मानस ने ही गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद अपने घर पहुंचा और मानसिक रूप से बीमार अपनी बहन को भी मौत के घाट उतारने के बाद गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। दिव्या और मानस की शादी नौ साल पहले हुई थी। दोनों का तलाक का केस चल रहा था और अलग अलग रहते थे। मानस भी स्टेट बैंक में अधिकारी था। पुलिस हत्या और आत्महत्या के कारणों की पड़ताल में जुटी है। इस बीच दिव्या की बहन प्रज्ञा ने कुछ ऐसे सवाल खड़े कर दिए हैं जिनका जवाब पुलिस को अब खोजना होगा।
पुलिस के अनुसार मानस के पास से तीन असलहे बरामद किए गए हैं। प्रज्ञा ने पूछा कि बैंक में काम करने वाले मानस के पास तीन-तीन रिवॉल्वर कहां से आए। किसने उस तक ये रिवॉल्वर पहुंचाईं। किसने उसे इतना जघन्य अपराध करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस के मुताबिक, गोली चलाने से पहले मानस ने पत्नी के चेहरे, सिर पर पिस्टल की बट से वार किए थे। फायर करने में गोली चेंबर में फंस गई। इसके बाद उसने कमर में लगी दूसरी रिवाल्वर निकाली और पत्नी के माथे से सटाकर गोली मार दी।
तीन असलहों से साफ है कि वह किसी भी कीमत पर नहीं चाहता था कि उसका कोई वार खाली चला जाए। शायद उसे कंट्री मेड पिस्टल पर भरोसा नहीं था इसीलिए वह तीन रिवाल्वर लेकर खूनी खेल खेलने निकला। वारदात में मुंगेरी (बिहार, मुंगेर में निर्मित) असलहों का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने तीनों उसके घर से बरामद की। पुलिस ने आईसीआईसीआई बैंक के बाहर घटनास्थल से तीन खोखे बरामद किए हैं। टीम मानस के घर पहुंची। वहां एक असलहा बेड पर और दूसरा नीचे पड़ा मिला। 15 कारतूस भी बरामद किए ।
प्रज्ञा के अनुसार मानस कार नहीं चला पाता था तो कार से आने जाने वाली थ्योरी कहां से आई? वो ऑटो से हत्या करने आया था और ऑटो से ही भागा तो कोई दूसरा इन्वॉल्व जरूर है। ऑटो वाला कौन था? कोई तो होगा जिसे सबके मर जाने के बाद फायदा हो रहा होगा, पुलिस को उसे खोजना चाहिए। इतनी आसानी से सरेराह और दिनदहाड़े कोई मर्डर करके कैसे भाग सकता है।
फिलहाल हत्या करते हुए मानस का तो फुटेज अभी सामने नहीं आया है लेकिन एक सीसीटीवी में बैंक के सामने हत्या के समय का फुटेज है। इसमें बैंक के कर्मचारी हत्या करते हुए देखने के बाद इधर उधर भाग रहे हैं। एक में दिव्या घर से जा रही है बाहर निकल रही हैं तो दूसरे में कार में बैठकर रवाना होते हुए सीसीटीवी है। इन दोनों में दिव्या लंगड़ाते हुए नजर आ रही हैं।
प्रज्ञा के अनुसार मानस और दिव्या का लंबे समय से विवाद चल रहा था। तलाक का केस भी कोर्ट में था। तनाव की वजह से कुछ दिन पहले दिव्या का एक्सीडेंट भी हुआ था। इसी वजह से उनका हाथ और पैर टूट गया था। डेढ़ दो महीने बाद दिव्या ने ऑफिस जाना शुरू किया था और इसी वजह से अब भी लंगड़ाकर ही चलती दिख रही हैं।
उधर, पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा के मुताबिक सुबह दिव्या मिश्रा अपने मायके से आटो से बैंक पहुंची। वहां से फिर वह एक सहकर्मीं के साथ फील्ड विजिट में चली गई। बारह बजते-बजते वह लौट आई। लगभग 12 बजे मानस आटो से दिव्या के बैंक पहुंचा और इंतजार करने लगा। 12:20 बजे दिव्या कार से कुलीग के साथ विजिट करके पहुंची। कार से उतरते ही मानस ने उसे खींच लिया और हाथापाई की। पिस्टल की बट से ताबड़तोड़ सिर पर प्रहार किए और माथे पर सटाकर गोली मार दी। बैंक गार्ड के अलावा कर्मचारी भी बाहर निकल आए देखा कि दिव्या लहूलुहान हालत में पड़ी है। पुलिस को जानकारी देने के साथ ही लोग दिव्या को लोहिया अस्पताल ले गए जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या करने के बाद मानस टहलता हुआ थोड़ा आगे बढ़ा और वहां से वह एक आटो में बैठकर घर पहुंच गया। जब तक पुलिस मानस का पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंचती तब तक उसने बहन तूलिका की हत्या कर खुद भी जान दे दी। तब तक स्टेट्स पढ़कर पड़ोसी भी जमा हो गए थे। दरवाजा तोड़कर वे अंदर घुसे तो देखा कि मानस और उसकी बहन तूलिका का लहूलुहान शव बेड पर पड़ा था।
पड़ोसी अंकुर प्रकाश ने पुलिस को तत्काल सूचना दी। इसी बीच संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त पूर्वी अमोल मुरकुट, इंस्पेक्टर गोमतीनगर ब्रजेश चंद्र तिवारी और फोरेंसिक टीम भी तब तक मौके पर पहुंच गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन किए।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि व्हाट्सएप स्टेटस पर मानस ने पत्नी पर चीटिंग का आरोप लगाया है। साली प्रज्ञा और साढ़ू भरत के लिए लिखा की वह सब कुछ जानते हैं। प्रज्ञा ने इस बारे में सोशल मीडिय हैंडल पर जवाब भी दिया है। प्रज्ञा ने मानस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!