आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस और पंजाब किंग्स के बीच हुए बड़े ट्रेड ने दोनों टीमों की तस्वीर बदल दी है। भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अब पंजाब किंग्स की जर्सी में नजर आएंगे, जबकि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस के लिए खेलेंगे। दोनों खिलाड़ियों की ट्रेड वैल्यू 18-18 करोड़ रुपये है। 11 नवंबर को इस ट्रेड की पुष्टि के बाद दोनों फ्रेंचाइजी की रणनीति और संभावित प्लेइंग-11 को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
पंजाब की बल्लेबाजी और ऑलराउंडर विभाग को मिलेगी मजबूती पंजाब किंग्स के पास पहले से ही कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में मजबूत बल्लेबाजी क्रम है। हार्दिक के आने से टीम के पास मध्यक्रम में एक अनुभवी और आक्रामक विकल्प जुड़ गया है। वह जरूरत के मुताबिक पारी को संभालने और आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने की भूमिका निभा सकते हैं। संभावित प्लेइंग-11 में प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य पारी की शुरुआत कर सकते हैं। कूपर कोनोली को तीसरे नंबर पर मौका मिल सकता है, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर चौथे नंबर पर उतर सकते हैं। इसके बाद नेहाल वढेरा और हार्दिक पांड्या मध्यक्रम को संभाल सकते हैं। शशांक सिंह फिनिशर की भूमिका में उपयोगी साबित हो सकते हैं। गेंदबाजी में युजवेंद्र चहल स्पिन विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे, जबकि वैभव विजयकुमार तेज गेंदबाजी में उनका साथ दे सकते हैं। हालांकि, प्लेइंग-11 का फैसला खिलाड़ियों की उपलब्धता, फॉर्म और टीम प्रबंधन की रणनीति पर निर्भर करेगा।
पंजाब के पास तीन बड़े ऑलराउंडर का विकल्प हार्दिक के जुड़ने से पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर विभाग में गहराई बढ़ गई है। टीम के पास हार्दिक के अलावा अजमतुल्लाह ओमरजई और मार्को यानसेन जैसे खिलाड़ी भी हैं। तीनों अलग-अलग परिस्थितियों में बल्ले और गेंद से योगदान देने की क्षमता रखते हैं। हार्दिक का अनुभव पंजाब के लिए अहम हो सकता है। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल में लंबे समय से खेल रहे हैं। दूसरी ओर, आईसीसी वनडे रैंकिंग में नंबर-1 ऑलराउंडर ओमरजई तेज गेंदबाजी के साथ उपयोगी बल्लेबाजी कर सकते हैं। आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 ऑलराउंडर यानसेन अपनी लंबाई और बाएं हाथ की तेज गेंदबाजी के कारण विपक्षी बल्लेबाजों के लिए चुनौती बन सकते हैं। अगर पिच तेज गेंदबाजों के अनुकूल हुई तो यानसेन और ओमरजई की भूमिका अहम हो सकती है। वहीं, बल्लेबाजी को अतिरिक्त मजबूती देने के लिए हार्दिक का इस्तेमाल किया जा सकता है। पंजाब किंग्स की संभावित प्लेइंग-11: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहाल वढेरा, हार्दिक पांड्या, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह ओमरजई, मार्को यानसेन, युजवेंद्र चहल और विजयकुमार।
मुंबई को अर्शदीप से मिलेगी बुमराह की मदद हार्दिक के जाने के बाद मुंबई इंडियंस ने अर्शदीप सिंह को टीम में शामिल किया है। अर्शदीप नई गेंद से स्विंग कराने और डेथ ओवरों में सटीक यॉर्कर डालने की क्षमता रखते हैं। ऐसे में जसप्रीत बुमराह के साथ उनकी जोड़ी मुंबई के तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूत कर सकती है। संभावित प्लेइंग-11 में रोहित शर्मा और क्विंटन डिकॉक पारी की शुरुआत कर सकते हैं। इसके बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा मध्यक्रम में जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। शेरफेन रदरफोर्ड और विल जैक्स टीम को आक्रामक बल्लेबाजी का विकल्प देंगे। नमन धीर भी मध्यक्रम में उपयोगी भूमिका निभा सकते हैं। ऑलराउंडर के तौर पर मिचेल सैंटनर को मौका मिल सकता है। वहीं, गेंदबाजी में बुमराह और अर्शदीप के अलावा दीपक चाहर टीम का हिस्सा हो सकते हैं। इस संयोजन में मुंबई के पास नई गेंद और डेथ ओवरों के लिए दो अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज होंगे। जरूरत पड़ने पर विदेशी विकल्प के रूप में ट्रेंट बोल्ट को भी खिलाया जा सकता है। हालांकि, यह इस पर निर्भर करेगा कि मुंबई फ्रेंचाइजी रिलीज रिटेंशन लिस्ट में किसे बरकरार रखती है।
हार्दिक के जाने के बाद रोहित को मिल सकती है कप्तानी? हार्दिक पांड्या के मुंबई इंडियंस से जाने के बाद टीम की कप्तानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। संभावित टीम संयोजन में रोहित शर्मा को कप्तान के रूप में रखा गया है। हालांकि, फ्रेंचाइजी की ओर से कप्तानी को लेकर आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। ऐसे में रोहित की वापसी को फिलहाल एक संभावना के तौर पर ही देखा जाना चाहिए। रोहित के पास आईपीएल में कप्तानी का लंबा अनुभव है। उनकी अगुआई में मुंबई इंडियंस ने पांच बार खिताब जीता है। दूसरी ओर, सूर्यकुमार यादव भी टीम के अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हैं और नेतृत्व के विकल्प हो सकते हैं। अंतिम फैसला फ्रेंचाइजी प्रबंधन पर निर्भर करेगा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!