बिहारशरीफ में दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात की नई व्यवस्था लागू की है। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी, जबकि छोटे वाहनों के लिए निर्धारित रास्ते तय किए गए हैं। इसके अलावा, प्रमुख सड़कों पर वन-वे व्यवस्था लागू की गई है और अधिक भीड़ वाले इलाकों में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए शहर में 16 स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे और वाहनों की पार्किंग के लिए 10 स्थल निर्धारित किए गए हैं। ये व्यवस्थाएं 17 अक्तूबर से 21 अक्तूबर तक प्रभावी रहेंगी।
भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक, छोटे वाहनों के लिए तय किए गए रास्ते
प्रशासन के निर्देश के अनुसार, सामान्य भारी वाहनों को बिहारशरीफ शहर के बाहर से गुजरने वाले राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों से ही आवागमन करना होगा। शहर के अंदर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। वहीं, दोपहिया, तिपहिया और निजी चार पहिया वाहनों के परिचालन के लिए कुछ रास्ते निर्धारित किए गए हैं। इनमें कारगिल चौक से सोगरा कॉलेज, सोगरा कॉलेज से नदी मोड़ होते हुए मणीराम बाबा अखाड़ा, मछली मार्केट से सेवा ज्योति चौक और छोटी पहाड़ी होते हुए नई रहुई से ईमादपुर तक का मार्ग शामिल है। इसके अलावा नकटापुरा टीओपी से रेलवे गुमटी होते हुए बरबीघा बस स्टैंड, सोहसराय हॉल्ट से ईमादपुर तीनमुहानी और देवीसराय से रामचंद्रपुर बस स्टैंड तक के रास्तों से भी छोटे वाहन आवागमन कर सकेंगे।
इन प्रमुख सड़कों पर लागू रहेगी वन-वे व्यवस्था
शहर में जाम की समस्या से बचने के लिए कई प्रमुख सड़कों पर एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की गई है। इसके तहत अस्पताल चौराहा से मामू भगिना की ओर, मामू भगिना से पहाड़तली होते हुए श्रृंगारहाट की ओर, न्यू रहुई रोड से ईमादपुर और पिचासा की ओर, सोहसराय से 17 नंबर तक, भरावपर से रामचंद्रपुर बस स्टैंड, सोहनकुआं से मंगलास्थान और रहुई मोड़ (अंबरे) से ईमादपुर की ओर केवल एक दिशा में वाहन चल सकेंगे।
बसों और व्यावसायिक वाहनों के लिए वैकल्पिक रास्ते तय
प्रशासन ने लंबी दूरी की बसों, मिनी बसों, ट्रैक्टरों और अन्य व्यावसायिक वाहनों के लिए भी अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए हैं। बरबीघा और शेखपुरा की ओर से बिहारशरीफ होते हुए पटना जाने वाली सभी सवारी बसें नकटापुरा बाईपास से सोहसराय हॉल्ट और मोड़ा पचासा होते हुए पटना जाएंगी। बरबीघा और अस्थावां की ओर से आने वाले बड़े वाहन, मिनी बस, ट्रैक्टर और व्यावसायिक चार पहिया वाहन आदर्श हाई स्कूल के सामने स्थित बरबीघा बस स्टैंड तक ही आ सकेंगे। यहां से आगे शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। इसी तरह, रहुई की ओर से आने वाले बड़े व्यावसायिक वाहन ईमादपुर तीनमुहानी तक ही जा सकेंगे। बख्तियारपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहन पचासा मोड़ से सोहसराय बाजार की तरफ जाने के बजाय बाईपास से गुजरेंगे। वहीं, 17 नंबर चौक से दक्षिण दिशा में सोहसराय बाजार की ओर और बड़ी पहाड़ी बाईपास मोड़ से बड़ी पहाड़ी की ओर व्यावसायिक चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। रामचंद्रपुर बाईपास रोड पर टीवीएस शोरूम से आगे पूर्व दिशा की ओर जाने वाले रास्ते पर भी सभी वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। अंबेडकर चौक (देवीसराय) की ओर से आने वाले बड़े वाहन केवल रामचंद्रपुर बस स्टैंड तक जा सकेंगे। राजगीर मोड़, छोरा बगीचा (कारगिल चौक) से भरावपर की ओर आने वाले बड़े और व्यावसायिक वाहन पैरू महतो सोमरी कॉलेज तक ही जा सकेंगे। वहां से आगे भरावपर की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। नवादा और पटना की ओर से आने वाली सरकारी बसों के लिए कारगिल बस स्टैंड में अस्थायी बस स्टैंड बनाया गया है। ये बसें बाईपास के रास्ते आवागमन करेंगी और शहर के पुराने सरकारी बस स्टैंड पर नहीं जाएंगी। इसके अलावा, भीड़ को देखते हुए किसी भी प्रकार की बस, ट्रक और सरकारी वाहन को मंगलास्थान के रास्ते रामचंद्रपुर और सोहनकुआं की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
16 स्थानों पर लगाए जाएंगे बैरियर, इन जगहों पर होगी वाहनों की पार्किंग
यातायात नियमों का पालन कराने और प्रतिबंधित रास्तों पर वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए प्रशासन ने शहर में 16 स्थानों पर ड्रॉप गेट और बैरियर लगाने का निर्णय लिया है। इनमें ऐरावत पैलेस (सोहसराय), कटहल टोला मोड़, शेखाना मोड़, सोगरा कॉलेज मोड़, आदर्श उच्च विद्यालय खंदक मोड़ से आगे, मामू भगिना मोड़, बाजार समिति गेट, मंगलास्थान मोड़, गिरदाद मोड़, बनौलिया मोड़ मंदिर, खैराबाद, बड़ी दरगाह टीओपी, नया टोला, सोराबी पर तिराहा, मणीराम बाबा तालाब खैराबाद मोड़ और साठोपुर पुल शामिल हैं। वहीं, पूजा के दौरान बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा करने के लिए 10 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें 17 नंबर स्थित लघु सिंचाई कार्यालय के पास डब्ल्यू.पी.यू. स्थल, किसान कॉलेज सोहसराय, कन्या उच्च विद्यालय सोहसराय, ईमादपुर से आने के क्रम में नई रहुई रोड मोड़, नेशनल उच्च विद्यालय शेखाना का मैदान, सोगरा कॉलेज मैदान, बरबीघा बस स्टैंड परिसर, बाजार समिति परिसर, कारगिल बस स्टैंड परिसर और श्रम कल्याण केंद्र बिहारशरीफ शामिल हैं।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!