पूर्णिया के कारोबारी आयुष अग्रवाल ने ब्लैकनट्स कंपनी पर 56 लाख रुपये की मखाना प्रसंस्करण मशीन में खराबी का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि मशीन से 100 क्विंटल बीज बर्बाद हुआ। उन्होंने जिलाधिकारी से शिकायत कर रकम वापसी की मांग की है।
बिहार में मखाना उद्योग को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही हैं। मखाना उत्पादन, प्रसंस्करण और निर्यात को प्रोत्साहित करने के साथ ही उद्यमियों के लिए रोजगार के नए अवसर भी तैयार किए जा रहे हैं। इस बीच पूर्णिया से मखाना कारोबार से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने मशीन निर्माण करने वाली कंपनियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मामला पूर्णिया स्थित कौशल एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड का है। कंपनी के संचालक आयुष अग्रवाल ने मखाना प्रसंस्करण के लिए ब्लैकनट्स (BlackNutes) कंपनी से करीब 56 लाख रुपये की मशीन खरीदी थी। उन्हें उम्मीद थी कि इस अत्याधुनिक मशीन से प्रसंस्करण क्षमता बढ़ेगी और कारोबार को नई ऊंचाई मिलेगी। हालांकि, आयुष अग्रवाल का आरोप है कि मशीन उनकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी और लगातार खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
आयुष अग्रवाल के मुताबिक, मशीन से प्रसंस्करण के दौरान अब तक करीब 100 क्विंटल मखाना बीज बर्बाद हो चुका है। उन्होंने बताया कि मशीन खरीदने के लिए बैंक से ऋण लिया गया था, जिसकी हर महीने दो से तीन लाख रुपये तक की ईएमआई चुकानी पड़ रही है। एक तरफ मशीन से उत्पादन प्रभावित हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ बैंक की किस्त चुकाने का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। .ads-row{display:flex;gap:10px;flex-wrap:wrap;}
कारोबारी का आरोप है कि मशीन में आ रही तकनीकी समस्याओं के बारे में निर्माता कंपनी को कई बार जानकारी दी गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला और समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। इस संबंध में कंपनी को चार बार कानूनी नोटिस भी भेजे जा चुके हैं। इसके बावजूद अब तक कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला है।
आयुष अग्रवाल की मांग है कि कंपनी मशीन वापस लेकर उनकी पूरी राशि लौटाए। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने न्याय के लिए अदालत जाने की बात कही है। इसी मामले को लेकर आयुष अग्रवाल जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और प्रशासन को अपनी शिकायत से अवगत कराया।
जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने मामले पर संज्ञान लेते हुए कहा कि फिलहाल उन्हें इस प्रकरण की विस्तृत जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने मामले की जांच कराने और जांच के बाद आगे की जानकारी देने की बात कही।
मखाना उद्योग को बढ़ावा देने के लिए सरकारी स्तर पर करोड़ों रुपये की योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ऐसे में लाखों रुपये का निवेश करने के बाद भी यदि उद्यमियों को गुणवत्तापूर्ण मशीनें नहीं मिलती हैं, तो यह उद्योग के विकास के लिए चिंता का विषय है। इस मामले ने मखाना प्रसंस्करण मशीनों के निर्माण, तकनीकी परीक्षण, वारंटी और बिक्री के बाद मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल इस पूरे प्रकरण पर मशीन निर्माता कंपनी ब्लैकनट्स का पक्ष सामने आना बाकी है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!