भारत तिवारी एनकाउंटर मामले में पांच महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी न्याय नहीं मिलने से नाराज परिजनों ने आंदोलन का ऐलान किया है। मृतक की मां आशा देवी 27 नवंबर से बिलौटी गांव में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगी। उन्होंने सरकार और प्रशासन को 26 नवंबर तक का समय देते हुए कहा है कि यदि इस अवधि में उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वह 27 नवंबर को सुबह 10 बजे से अनशन शुरू कर देंगी। भारत तिवारी के भाई चंदन तिवारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है। इसमें आशा देवी ने बेटे को न्याय दिलाने के लिए आखिरी सांस तक संघर्ष करने की बात कही है। उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों और उन लोगों से 27 नवंबर को बिलौटी गांव पहुंचने की अपील की है, जिन्होंने न्याय की लड़ाई में साथ देने का भरोसा दिया था।
पांच महीने बाद भी आश्वासन पर अमल नहीं होने का आरोप
आशा देवी ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बेटे की मौत के बाद परिवार को कई आश्वासन दिए गए थे, लेकिन पांच महीने से अधिक समय गुजरने के बावजूद उन पर अमल नहीं हुआ। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि अब तक मामले में केवल एसटीएफ के एक सिपाही की गिरफ्तारी हुई है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। आशा देवी ने दावा किया कि डीआईजी स्तर से भी दो लोगों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आया है।
सभी आरोपितों की गिरफ्तारी और एसआईटी जांच की मांग
परिजनों की प्रमुख मांगों में घटना में शामिल सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी, पूरे मामले की एसआईटी से निष्पक्ष जांच और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाना शामिल है। आशा देवी ने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, उनका संघर्ष जारी रहेगा। जरूरत पड़ने पर वह अपनी फरियाद लेकर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति तक भी जाएंगी।
समझौते की चर्चाओं को बताया निराधार
परिजनों ने पैसे लेकर समझौता करने और बिक जाने की चर्चाओं को भी खारिज किया है। उनका कहना है कि ये बातें पूरी तरह निराधार हैं। परिवार किसी से पैसे लेकर समझौता नहीं कर रहा, बल्कि बेटे को न्याय दिलाने के लिए लोगों से मिलकर समर्थन मांग रहा है।
आशा देवी बोलीं- न्याय नहीं मिला तो आत्मदाह करना पड़ेगा
आशा देवी ने भावुक अपील करते हुए कहा कि भारत तिवारी को न्याय दिलाने की लड़ाई अब केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की लड़ाई बन चुकी है। उन्होंने कहा कि यदि इस संघर्ष में उन्हें न्याय नहीं मिला तो यह केवल एक मां की हार नहीं, बल्कि पूरे बिहार और देश की हार होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि इंसाफ नहीं मिलने पर मजबूरन उन्हें आत्मदाह करना पड़ेगा। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि 26 नवंबर तक सरकार की ओर से ठोस पहल नहीं हुई तो 27 नवंबर को सुबह 10 बजे से बिलौटी गांव में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगी।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!