खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बिहार में धार्मिक आस्था और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ी पहल शुरू हुई है। बाबा गरीबनाथ धाम कॉरिडोर और रजला माता मंदिर के पर्यटन विकास के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम ने टेंडर जारी कर दिया है। दोनों परियोजनाओं के लिए कुल 10.81 करोड़ रुपये की निविदा निकाली गई है। टेंडर जारी होने के साथ ही लंबे समय से प्रस्तावित इन दोनों धार्मिक स्थलों के विकास की योजना अब धरातल पर उतरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
बाबा गरीबनाथ कॉरिडोर के पहले चरण पर 5.04 करोड़ रुपये होंगे खर्च
जारी टेंडर के मुताबिक, बाबा गरीबनाथ धाम कॉरिडोर के प्रथम चरण के विकास के लिए 5.04 करोड़ रुपये की निविदा जारी की गई है। वहीं, रजला माता मंदिर के पर्यटन विकास के लिए 5.77 करोड़ रुपये का टेंडर निकाला गया है। बताया जा रहा है कि पूरी योजना को अंतिम रूप देने और सभी चरणों में विकास कार्य पूरा करने के लिए आने वाले समय में मौजूदा राशि से करीब दस गुना तक अधिक धनराशि की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में वर्तमान टेंडर को बाबा गरीबनाथ कॉरिडोर के संपूर्ण विकास की दिशा में शुरुआती और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
रामदयालु से बाबा मंदिर तक विकसित होगा कॉरिडोर
बाबा गरीबनाथ धाम कॉरिडोर के तहत मुजफ्फरपुर शहर के रामदयालु से बाबा गरीबनाथ मंदिर तक के मार्ग का व्यवस्थित विकास किया जाना है। योजना के तहत अंडरग्राउंड बिजली व्यवस्था के साथ चार लेन का रास्ता विकसित करने की बात कही गई है। .ads-row{display:flex;gap:10px;flex-wrap:wrap;}
सावन में 15 से 20 लाख श्रद्धालु पहुंचते हैं
बाबा गरीबनाथ मंदिर मुजफ्फरपुर की धार्मिक पहचान का प्रमुख केंद्र है। सावन के महीने में यहां करीब 15 से 20 लाख शिव भक्त पहुंचकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करते हैं। इसके अलावा पूरे साल एक दर्जन से अधिक विशेष पर्व और त्योहारों के दौरान भी मंदिर में श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ रहती है। ऐसे में कॉरिडोर के विकसित होने से श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार होने की उम्मीद है। मंदिर क्षेत्र का व्यवस्थित विकास होने के साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
रजला माता मंदिर के विकास के लिए 5.77 करोड़ का टेंडर
बाबा गरीबनाथ धाम के साथ रजला माता मंदिर के पर्यटन विकास की दिशा में भी कदम उठाया गया है। मंदिर के विकास के लिए 5.77 करोड़ रुपये की निविदा जारी की गई है। इस योजना के तहत मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं के लिए पर्यटन से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार का रास्ता साफ होगा। इससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय कारोबार और रोजगार को भी मिलेगा फायदा
इन दोनों धार्मिक स्थलों के विकास की घोषणा पहले ही की जा चुकी थी। अब टेंडर जारी होने के बाद योजनाओं के जमीन पर उतरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से मुजफ्फरपुर में धार्मिक पर्यटन को नई पहचान मिल सकती है। पर्यटन गतिविधियों के बढ़ने से स्थानीय कारोबार, रोजगार और इससे जुड़ी दूसरी आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है। टेंडर जारी होने के बाद श्रद्धालुओं में भी उत्साह है। आने वाले समय में बाबा गरीबनाथ धाम और रजला माता मंदिर के विकास से मुजफ्फरपुर को बिहार के प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्रों में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!