पिछले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने मंगलवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले दो दिनों तक बारिश का दौर ऐसे ही जारी रहने की संभावना है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं। बारिश ने फिलहाल वाराणसी और आसपास के जिलों को बेहाल कर रखा है। सोमवार की पूरी रात यहां बारिश हुई है। आजमगढ़, जौनपुर, सोनभद्र, भदोही में भी ऐसी ही स्थिति रही। बनारस में बीएचयू अस्पताल में कमर तक पानी भर गया। लंका सिंहद्वार पर भी पानी भरा दिखाई दिया रहा। निचले इलाकों में तो बहुत बुरा हाल है। घरों-दुकानों में पानी घुस गया है।
मौसम केंद्र लखनऊ के 25 अगस्त के दैनिक मौसम पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश का सबसे ज्यादा असर आजमगढ़ में दिखाई दिया। आजमगढ़ सदर में 180 मिमी और आजमगढ़ में 140.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। उसके बाद वाराणसी के राजघाट में 128 मिमी, वाराणसी एयरपोर्ट पर 119.8 मिमी, सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज में 120 मिमी और बस्ती में 117 मिमी बारिश दर्ज की गई। अंबेडकरनगर के जलालपुर में 114.4 मिमी, सोनभद्र के चोपन में 112.2 मिमी, सुलतानपुर में 107.8 मिमी, चंदौली में 91 मिमी और मर्जिापुर तहसील में 85 मिमी बारिश हुई। श्रावस्ती के भिनगा में 79 मिमी, प्रतापगढ़ के कुंडा में 78 मिमी तथा सोनभद्र के चुर्क में 75.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
बारिश का असर राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में भी रहा। लखनऊ में अलग-अलग केंद्रों पर 26.2 और 6.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। प्रयागराज में फाफामऊ में 28.7 मिमी, हैंडिया में 25 मिमी और प्रयागराज सदर में 19 मिमी बारिश हुई। अमेठी में 8 मिमी, रायबरेली में 43 मिमी और फतेहगढ़ में 45.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। बिजनौर के धामपुर में 70 मिमी, बागपत के खेकड़ा में 57 मिमी, बरेली में 44.2 मिमी, शाहजहांपुर के पवायां में 40.2 मिमी, झांसी में 37 मिमी तथा फिरोजाबाद के जसारना और शिकोहाबाद में 36-36 मिमी बारिश हुई। बुंदेलखंड में झांसी के साथ महोबा और हमीरपुर में भी बारिश दर्ज की गई। चरखारी में 28 मिमी, हमीरपुर में 27 मिमी और मौदहा में 26 मिमी बारिश हुई। महोबा में पांच मिमी और कुलपहाड़ में 10.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक 26 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है। दोनों अंचलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। 27 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए कोई चेतावनी नहीं है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी।
28 अगस्त से बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर पड़ने का अनुमान है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 29 और 30 अगस्त को दोनों अंचलों में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। 31 अगस्त को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं और पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। मौसम केंद्र ने 28 से 31 अगस्त तक पश्चिमी और पूर्वी दोनों उत्तर प्रदेश के लिए कोई भारी बारिश की चेतावनी जारी नहीं की है।
लगातार बारिश से प्रदेश के कई हिस्सों में उमस और गर्मी से राहत मिली है। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कम समय में हुई भारी बारिश से निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका है। खासकर आजमगढ़, वाराणसी, सोनभद्र, बस्ती, अंबेडकरनगर और सुलतानपुर जैसे जिलों में पिछले 24 घंटे में हुई भारी बारिश को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!