RRC NWR Apprentice Recruitment 2026: उत्तर पश्चिम रेलवे यानी नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे ने अप्रेंटिस अधिनियम, 1961 के तहत वर्ष 2026-27 के लिए अप्रेंटिस भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती के जरिए रेलवे की अलग-अलग इकाइयों में कुल 2008 अप्रेंटिस प्रशिक्षण स्लॉट पर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। विस्तृत नोटिफिकेशन 1 अक्तूबर 2026 को जारी किया गया है, जबकि ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 7 अक्टूबर से शुरू होगी।
इस भर्ती में कुल 2008 अप्रेंटिस प्रशिक्षण स्लॉट रखे गए हैं। इनमें डीआरएम ऑफिस अजमेर में 500, बीकानेर में 524, जयपुर में 580 और जोधपुर में 134 स्लॉट हैं। इसके अलावा बीटीसी कैरिज अजमेर में 73, बीटीसी लोको अजमेर में 69, कैरिज वर्कशॉप बीकानेर में 33 और कैरिज वर्कशॉप जोधपुर में 67 स्लॉट हैं।
अलग-अलग रेलवे इकाइयों में कई ट्रेड के लिए प्रशिक्षण स्लॉट उपलब्ध हैं। इनमें फिटर, इलेक्ट्रीशियन, डीजल मैकेनिक, वेल्डर, कारपेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक और कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट जैसे ट्रेड शामिल हैं। अभ्यर्थी उपलब्ध विकल्पों में से केवल एक यूनिट का चयन कर सकेंगे।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थी का मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं कक्षा न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना जरूरी है। इसके साथ संबंधित ट्रेड में एनसीवीटी या एससीवीटी से जारी नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट भी होना चाहिए। जिन अभ्यर्थियों का अंतिम परीक्षा परिणाम अभी जारी नहीं हुआ है, वे इस भर्ती के लिए आवेदन नहीं कर सकते।
अभ्यर्थी की आयु 6 नवंबर 2026 को कम से कम 15 वर्ष और 24 वर्ष से कम होनी चाहिए। एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट मिलेगी। ओबीसी अभ्यर्थियों को 3 वर्ष और पीडब्ल्यूबीडी अभ्यर्थियों को 10 वर्ष की छूट दी जाएगी।
इस भर्ती में अभ्यर्थियों का चयन लिखित परीक्षा के जरिए नहीं होगा। चयन के लिए 10वीं और आईटीआई में प्राप्त अंकों के प्रतिशत का साधारण औसत लेकर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। समान अंक होने की स्थिति में अधिक आयु वाले अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी जाएगी। चयन के बाद दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल परीक्षण भी होगा।
अन्य सभी अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है। एससी, एसटी, पीडब्ल्यूबीडी और महिला अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा। शुल्क जमा करने के बाद आवेदन में बदलाव की अनुमति नहीं होगी।
अभ्यर्थियों को उत्तर पश्चिम रेलवे की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट rrcjaipur.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। फॉर्म में व्यक्तिगत जानकारी, आधार नंबर, 10वीं की जानकारी और तकनीकी योग्यता से जुड़ी जानकारी सावधानी से भरनी होगी। एक अभ्यर्थी केवल एक यूनिट के लिए आवेदन कर सकता है। एक से अधिक आवेदन करने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है।
आरआरसी एनडब्ल्यूआर अप्रेंटिस भर्ती 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 6 नवंबर 2026 रात 11:59 बजे है। इसलिए पात्र अभ्यर्थियों को अंतिम समय का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए और फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारी और दस्तावेजों की जांच कर लेनी चाहिए।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!