अभिनेत्री गुल पनाग पायलट भी हैं। हाल ही में करीब दस साल बाद उन्होंने अपना प्राइवेट पायलट लाइसेंस रिन्यू कराया है। उन्होंने इस उपलब्धि की जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फैंस को दी है। इसी के साथ गुल पनाग ने बताया कि फ्लाइंग लाइसेंस हासिल करना आसान नहीं है। इसे आसान कर लेने के बाद इसे इतने वर्षों तक चालू रखने के लिए भी मेहनत करनी पड़ी है।
लोग कहते थे- 'नहीं कर पाओगी' उन्होंने एक दशक पीछे पलटकर उस वक्त को याद किया, जहां से ये सफर शुरू हुआ था। लोगों ने अविश्वास जाहिर किया था। ताने दिए कि वे ऐसा नहीं कर पाएंगी। मगर, गुल ने ऐसा कर दिखाया। अब 10 साल बाद वे लाइसेंस रिन्यू कराने भी गईं। गुल पनाग ने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक पोस्ट शेयर किया है। तस्वीरों की एक पोस्ट साझा करते हुए वे लिखती हैं, 'जिंदगी असल में नजरिए का खेल है। दस साल पहले, जब मुझे अपना फ्लाइंग लाइसेंस मिला, तो मैं बहुत खुश थी। यह बहुत लंबे समय से मेरी 'बकेट लिस्ट' में शामिल था। और, ऐसे लोगों की कोई कमी नहीं थी, जो मुझसे कहते थे कि मैं यह नहीं कर सकती या नहीं कर पाऊंगी'।
बोलीं- 'बकेट लिस्ट का एक बड़ा काम पूरा हुआ' लाइसेंस धारी पायलट और अभिनेत्री ने आगे लिखा, ''फ्लाइंग ट्रेनिंग शुरू करना एक बात है। करियर के साथ-साथ तय फ्लाइंग घंटे पूरे करना, सभी एग्जाम पास करना, कागजी कार्रवाई पूरी करना, मेडिकल को वैलिड रखना और पूरी प्रक्रिया को अंजाम तक पहुंचाना- ये सब बिल्कुल अलग और मुश्किल काम हैं। अलग-अलग देखा जाए तो ये सभी काम आसान लगते हैं। लेकिन जब ये सब एक साथ करने हों, तो यह बहुत बड़ी बात हो जाती है, खासकर तब जब आप फ्लाइंग को पेशे के तौर पर नहीं अपना रहे हों। लेकिन मैंने यह कर दिखाया। और, जब आखिरकार मुझे वह लाइसेंस मिला, तो मेरी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मेरी बकेट लिस्ट का एक बड़ा काम पूरा हो गया था।
दस साल बाद किस बात का अनुभव हुआ? गुल पनाग ने लिखा है, '10 साल बाद मुझे एहसास हुआ कि लाइसेंस पाना एक बात थी, लेकिन इतने वर्षों तक उसे वैलिड बनाए रखना बिल्कुल दूसरी बात है। मैं ऐसे कई लोगों को जानती हूं, जिन्होंने फ्लाइंग तो शुरू की लेकिन अपनी ट्रेनिंग कभी पूरी नहीं की। कुछ ऐसे भी थे, जिन्होंने फ्लाइंग के घंटे तो पूरे कर लिए लेकिन एग्जाम पास नहीं कर पाए। और, कुछ ऐसे भी थे, जिन्होंने लाइसेंस तो हासिल कर लिया लेकिन बाद में उसे एक्सपायर होने दिया। जिंदगी, काम, मेडिकल जरूरतें या बस पर्याप्त फ्लाइंग न कर पाना - ऐसा आसानी से हो जाता है, खासकर तब जब फ्लाइंग आपका पेशा न हो।
जहां से सब शुरू हुआ, दस साल बाद वहीं पहुंचीं अभिनेत्री ने आगे लिखा है, 'दस साल बाद अपना लाइसेंस रिन्यू कराने के लिए यहां वापस आना, जहां से सब कुछ शुरू हुआ था, बहुत खास लगता है। अब मैं न सिर्फ यह समझती हूं कि यहां तक पहुंचने के लिए क्या-क्या करना पड़ा, बल्कि यह भी कि इसे जारी रखने के लिए कितनी मेहनत लगी है'।
View this post on Instagram
A post shared by Gul Panag (@gulpanag)
फैंस ने दी बधाई
आखिर में गुल पनाग ने लिखा है, 'और, एक बार के लिए, मैं खुद की पीठ थपथपा रही हूं। इस बार जब मैं वहां गई, तो एक ऐसी स्टूडेंट के तौर पर नहीं, जो अपनी 'विंग्स' (उड़ने का लाइसेंस) पाने की उम्मीद कर रही हो, बल्कि एक लाइसेंस्ड पायलट के तौर पर अपने लाइसेंस को रिन्यू करवाने के लिए गई थी। यह अनुभव काफी अलग था। फिर भी, कुछ चीजें नहीं बदली हैं'। फैंस और नेटिजंस गुल पनाग को इस उपलब्धि पर बधाई दे रहे हैं और तारीफ कर रहे हैं।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!