ईपीएफओ (EPFO) में सहायक भविष्य निधि आयुक्त के पद के लिए साक्षात्कार 16 नवंबर से 27 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण चरण में सफलता के लिये विषय की गहरी समझ, श्रमिकों के प्रति संवेदनशीलता, संतुलित दृष्टिकोण और आत्मविश्वास अनिवार्य हैं।
साक्षात्कार के दौरान उम्मीदवारों की ज्ञानात्मक क्षमता के साथ-साथ वास्तविक परिस्थितियों में निर्णय लेने की योग्यता, निष्पक्षता और व्यवहारिक सोच का भी आकलन किया जायेगा। लिखित परीक्षा में अर्जित जानकारी का परीक्षण होता है, जबकि साक्षात्कार में सोच, व्यवहार और प्रशासनिक दक्षता सामने आती है।
ईपीएफओ करोड़ों कर्मचारियों और उनके परिवारों की आर्थिक सुरक्षा के लिए जिम्मेदार संस्था है। सहायक भविष्य निधि आयुक्त की भूमिका को समझना तैयारी का पहला कदम है। उम्मीदवारों को संगठन की संरचना, केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CNPB), भविष्य निधि, कर्मचारी पेंशन और जमा‑संबद्ध बीमा योजनाओं की जानकारी अवश्य होनी चाहिए।
सामाजिक सुरक्षा, श्रम कानून, लेखांकन, अंशदान, अनुपालन और वित्तीय पारदर्शिता जैसे विषयों का अध्ययन भी अनिवार्य है। केवल तथ्यों को याद करने के बजाय यह समझें कि उनका व्यावहारिक उपयोग कैसे होता है।
साक्षात्कार में व्यक्तिगत पृष्ठभूमि से जुड़े प्रश्न भी पूछे जाते हैं – आपका गृह जनपद किस बात के लिए प्रसिद्ध है? आपकी पढ़ाई इस पद के लिए किस प्रकार उपयोगी हो सकती है? यदि आप वर्तमान में नौकरी कर रहे हैं, तो उसे क्यों बदलना चाहते हैं? जीवन की किसी असफलता से आपने क्या सीखा? ऐसे प्रश्नों के माध्यम से साक्षात्कार मंडल आपकी आत्मजागरूकता और विचारों की स्पष्टता को समझता है। इसलिए आवेदन पत्र में दी गई सभी जानकारियों को ध्यान से पढ़ें और उनसे जुड़े संभावित प्रश्नों के उत्तर तैयार रखें।
अंतिम दिनों में दो-तीन अभ्यास साक्षात्कार देने से उत्तर प्रस्तुत करने के तरीके में सुधार हो सकता है। विशेषज्ञों के सुझावों पर कार्य करें, प्रश्न को ध्यान से सुनें और संक्षिप्त उत्तर दें। चेहरे के भाव, शारीरिक भाषा और बोलने के तरीके पर भी ध्यान दें। यदि किसी प्रश्न का उत्तर नहीं पता हो, तो अनुमान लगाने के बजाय विनम्रता से स्वीकार करें, और यदि साक्षात्कार मंडल असहमत हो तो अपने विचार तर्क और तथ्यों के साथ प्रस्तुत करें।
साक्षात्कार से पहले के अंतिम दो दिनों में कुछ नया पढ़ने के बजाय महत्वपूर्ण नोट्स दोहराएँ। साक्षात्कार पत्र, पहचान प्रमाण और अन्य आवश्यक दस्तावेज व्यवस्थित कर लें। दूसरों के अनुभवों से अपनी तुलना करने के बजाय अपनी तैयारी पर भरोसा रखें। साक्षात्कार कक्ष में विनम्र अभिवादन और सहज व्यवहार के साथ प्रवेश करें। याद रखें, इस चरण में आपकी मौलिक सोच, ईमानदारी, निर्णय क्षमता और जिम्मेदारी निभाने का दृष्टिकोण चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!