‘आलिया जी, यह मेरी जिंदगी का आखिरी सबूत है’ कहकर 24 वर्षीय युवक ने वीडियो बनाया और पत्नी व ससुराल पक्ष पर मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाते हुए नहर में छलांग लगाकर आत्महत्या करने की बात कही है। इसके बाद से युवक लापता है। हालांकि, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि उसने नहर में छलांग लगाई है या वह कहीं और चला गया है। मवई के पास कठपुला पर उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन मिला है। युवक की पहचान मवई की गड्ढा कॉलोनी निवासी अरमान खान के रूप में हुई है। वह सामान की डिलीवरी का काम करता था। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश कर रही है।
आलिया की जिद में अरमान ने छोड़ा परिवार परिजनों के मुताबिक, अरमान की शादी 30 जनवरी को बड़खल निवासी आलिया के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दोनों के बीच विवाद रहता था। परिजनों का आरोप है कि आलिया उस पर शक करती थी और मानसिक रूप से परेशान करती थी। वह परिवार के अन्य सदस्यों से भी झगड़ा करती थी। करीब एक महीने पहले आलिया की जिद के चलते अरमान अपने माता-पिता और भाई-बहनों से अलग होकर किराये के मकान में रहने लगा था। अरमान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के रहने वाला है। परिवार में उसका एक भाई और दो बहनें हैं।
तीन मिनट 15 सेकंड में बयां किया दर्द, कहा- हर मिनट का सबूत चाहिए था अरमान ने मंगलवार सुबह करीब पांच बजे तीन मिनट 15 सेकंड का वीडियो बनाकर पत्नी, पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को व्हाट्सएप पर भेजा था। वीडियो में वह आलिया को संबोधित करते हुए कहता है कि उन्हें हर मिनट का सबूत चाहिए था कि कहां जा रहा हूं, क्या खा रहा हूं और किसके साथ हूं। उसने कहा कि पत्नी के शक ने उससे उसका परिवार छीन लिया और उस पर कर्ज चढ़ गया। उन्होंने पिछले नौ महीनों में केवल एक महीने काम कर पाने की बात भी कही।
ससुराल पक्ष पर अभद्रता और मारपीट के आरोप वीडियो में अरमान ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग उससे अभद्र भाषा में बात करते थे। पत्नी के भाई पर घर आकर मारपीट करने और मामा-मामी पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया। उसने पुलिस चौकी और थाने में शिकायत देने की बात कहकर डराने का भी आरोप लगाया। वीडियो में उसने चार दिन पहले अगरबत्ती खाकर जान देने की कोशिश करने का जिक्र किया। उसका आरोप था कि उस समय पत्नी ने उसे रोकने के बजाय हंसते हुए कहा था कि मर जाओगे तो सब्र हो जाएगा। वीडियो के अंत में उसने कहा कि मिलना है तो नहर में मिल लेना।
मकान पत्नी के नाम कराने का दबाव बनाने का आरोप परिजनों का आरोप है कि आलिया के मायके वाले मकान उनके नाम कराने का दबाव बना रहे थे। परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद आलिया और उनके मायके पक्ष से कोई भी सदस्य मौके पर नहीं पहुंचा। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम नहर में तलाश अभियान चला रही है। परिजनों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के करीब सात घंटे बाद तक गोताखोर और एसडीआरएफ की टीम मौके पर नहीं पहुंची। परिवार ने पुलिस को लिखित शिकायत भी दी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!