देवघर में होमगार्ड के 772 पदों पर भर्ती के लिए 26 अक्तूबर तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के 635 और शहरी क्षेत्र के 137 पद हैं। न्यूनतम योग्यता सातवीं और मैट्रिक पास निर्धारित है।
झारखंड गृह रक्षा वाहिनी ने देवघर जिले में होमगार्ड के 772 पदों पर नव नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के 635 और शहरी क्षेत्र के 137 पद शामिल हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आधिकारिक पोर्टल recruitment.jharkhand.gov.in पर जाकर 26 अक्तूबर तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क 100 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसे ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से जमा करना होगा। शुल्क जमा होने के बाद ही आवेदन पूर्ण माना जाएगा। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को हाल का रंगीन फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करना अनिवार्य है।
ग्रामीण होमगार्ड पद के लिए अभ्यर्थी का देवघर जिले के उसी प्रखंड का स्थायी निवासी होना जरूरी है, जहां से वह आवेदन कर रहा है। वहीं, शहरी होमगार्ड पद के लिए देवघर जिले के शहरी क्षेत्र का सामान्य निवासी होना आवश्यक है। इसके लिए सक्षम प्राधिकार की ओर से जारी आवासीय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। अभ्यर्थी एक ही प्रखंड या शहरी क्षेत्र से केवल एक आवेदन कर सकते हैं। .ads-row{display:flex;gap:10px;flex-wrap:wrap;}
कुल रिक्तियों में 50 प्रतिशत पद महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित हैं। महिलाओं के लिए निर्धारित पदों में से पांच प्रतिशत सीटें तलाकशुदा, परित्यक्ता और विधवा महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी। योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने पर ये पद सामान्य महिला कोटे में शामिल कर दिए जाएंगे। शहरी होमगार्ड की रिक्तियों में 50 प्रतिशत पद तकनीकी रूप से दक्ष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं। शारीरिक जांच और हिंदी लेखन परीक्षा से होगा चयन नामांकन के लिए शारीरिक जांच परीक्षा, हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा और तकनीकी दक्षता परीक्षा आयोजित की जाएगी। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए सामान्य, ओबीसी और बीसी वर्ग में सीने की माप 79 सेंटीमीटर, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 76 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है।
शारीरिक जांच परीक्षा में 1.6 किलोमीटर की दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और शॉट पुट शामिल होंगे। शारीरिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा देनी होगी। ग्रामीण होमगार्ड के लिए सातवीं और शहरी होमगार्ड के लिए दसवीं कक्षा के स्तर के प्रश्न पूछे जाएंगे। यह परीक्षा 100 अंकों की होगी। इसमें उत्तीर्ण होने के लिए न्यूनतम 30 अंक प्राप्त करना अनिवार्य है।
खेलकूद में राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को छह, द्वितीय स्थान वालों को चार और तृतीय स्थान वालों को दो अतिरिक्त अंक मिलेंगे। वहीं, राज्य स्तर पर प्रथम स्थान के लिए तीन, द्वितीय के लिए दो और तृतीय स्थान के लिए एक अतिरिक्त अंक निर्धारित है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!