लखनऊ के मड़ियांव थाने के सामने शनिवार सुबह बाइक की हल्की टक्कर लगने पर कबाड़ी ने नगर निगम के रिटायर सुपरवाइजर और उनके पौत्र पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। रोड रेज के मामले में दादा की मौत हो गई, जबकि पौत्र की हालत गंभीर है। पुलिस की दो टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं। पुलिस के मुताबिक, उनई कोठार अटरिया सीतापुर निवासी नगर निगम के रिटायर सुपरवाइजर मगन बिहारी तिवारी (70) परिवार के साथ इंद्रलगंज, भरत नगर मड़ियांव में रहते थे। परिवार में पत्नी माया तिवारी, बेटा प्रदीप तिवारी, बहू पुष्पा तिवारी, पोती प्राची, पौत्र संकल्प (19) और ओम हैं। एडीसीपी उत्तरी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे मगन बिहारी पोते संकल्प के साथ बाइक से बिजली का बिल जमा करने जा रहे थे। मड़ियांव थाने के सामने देसी शराब के ठेके के पास उनकी बाइक कबाड़ी के ठेले से टकरा गई।
मामूली टक्कर को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर आरोपी ने चाकू से मगन बिहारी पर हमला कर दिए। दादा को बचाने दौड़े संकल्प पर भी आरोपी ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमले के बाद आरोपी ऑटो में बैठकर भाग गया। पुलिस ने दोनों घायलों को ट्रामा सेंटर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने मगन बिहारी को मृत घोषित कर दिया। संकल्प की हालत गंभीर बनी हुई है। इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान राजकुमार उर्फ मलाई के रूप में की गई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
वारदात मड़ियांव थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई। दिनदहाड़े हुई हत्या से पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं। एडीसीपी ने बताया कि आरोपी आदतन कबाड़ी है और नशे का आदी बताया जा रहा है। जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।
सड़क पर 20 मीटर तक खून बिखरा पड़ा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कबाड़ी राजकुमार उर्फ मलाई के हमले के बाद दोनों लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर भीड़ जुट गई, लेकिन लोग तमाशबीन बने रहे और वीडियो बनाते रहे। करीब 15 मिनट तक दोनों सड़क पर तड़पते रहे। पुलिस के मुताबिक, सूचना पर पहुंची टीम ने दोनों को ऑटो से ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। तब तक सड़क पर खून के निशान दूर तक फैल चुके थे। फॉरेंसिक टीम ने खून के सैंपल और साक्ष्य जुटाए।
इंस्पेक्टर मड़ियांव शिवानंद मिश्रा ने बताया कि ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपी राजकुमार उर्फ मलाई वारदात के बाद ऑटो में बैठकर भागता दिखा। साक्ष्य मिटने की आशंका पर पुलिस डीवीआर को कब्जे में लेकर थाने ले गई है।
बेटे प्रदीप तिवारी ने बताया कि पिता सुबह टहलने के बाद पोते के साथ बिल जमा जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार ट्रॉमा सेंटर पहुंचा। मौत की खबर सुनते ही पत्नी माया और बहू का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मोहल्ले में भी शोक का माहौल है।
मृतक के बेटे प्रदीप तिवारी ने बताया कि शनिवार सुबह साढ़े 10 बजे पिता मगन बिहारी तिवारी और बेटा संकल्प नाश्ता करने के बाद बिजली का बिल जमा करने बाइक से जा रहे थे। एक माह का बिजली बिल 5270 रुपये आया था। प्रदीप ने बताया कि कई बार उन्होंने बेटे से ऑनलाइन बिल जमा करने के लिए कहा था, लेकिन पिता मना कर देते थे। शनिवार को भी दोनों रुपये लेकर बिजली का बिल जमा करने जा रहे थे।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!