बिहार सरकार ने जलापूर्ति, औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण व्यवस्था से जुड़े कई फैसले लिए हैं। पटना जलापूर्ति परियोजना के लिए 1,794 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। ग्राम कचहरी का अनुदान बढ़ा और आठ डॉक्टर बर्खास्त किए गए।
बिहार सरकार ने विभिन्न विभागों से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। पटना की जलापूर्ति परियोजना के लिए 1,794.32 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत शहर के 75 वार्डों के 2.18 लाख से अधिक घरों तक जलापूर्ति की सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य है। वहीं, ग्राम कचहरियों का वार्षिक अनुदान 4 हजार से बढ़ाकर 24 हजार रुपये कर दिया गया है। यह फैसला 1 अप्रैल 2027 से प्रभावी होगा।
सरकार ने राज्य में औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार को लेकर भी बड़े फैसले किए हैं। नालंदा में 564.37 एकड़, समस्तीपुर में 480 एकड़ और शेखपुरा में 250 एकड़ भूमि के अधिग्रहण को मंजूरी दी गई है। इन परियोजनाओं पर कुल 706 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। इससे संबंधित जिलों में औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है।
वहीं, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना की अवधि 31 मार्च 2027 तक बढ़ा दी गई है। इस योजना के तहत व्यक्तिगत निवेशकों और उद्यमियों को सूक्ष्म खाद्य उद्योग स्थापित करने के लिए 35 प्रतिशत की दर से अधिकतम 10 लाख रुपये तक अनुदान मिलेगा। योजना के कार्यान्वयन के लिए 164.51 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी गई है।
सरकार ने सोन नदी आधारित जलापूर्ति योजना की संशोधित लागत को भी मंजूरी दी है। औरंगाबाद, डेहरी और सासाराम में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संचालित इस योजना की लागत 1,347.32 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 2,014.65 करोड़ रुपये कर दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने लंबे समय से बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले आठ डॉक्टरों को सरकारी सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया है। इनमें सहरसा, भागलपुर, सुपौल, बांका और मधेपुरा में पदस्थापित डॉक्टर शामिल हैं। ये डॉक्टर वर्ष 2018 से 2021 के बीच अलग-अलग तारीखों से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित थे।
इसके अलावा इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस), पटना में क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के लिए 64 पदों के सृजन को मंजूरी दी गई है। स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट के लिए रेडियोथेरेपी के चार पद भी सृजित किए जाएंगे।
पिछड़ा वर्ग और अति पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं को यूपीएससी, बीपीएससी, एसएससी, बैंकिंग और रेलवे समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की मुफ्त तैयारी कराई जाएगी। इसके लिए राज्य के सभी 38 जिलों में प्राक् परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जाएंगे। इस योजना पर हर साल करीब 31.97 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सरकार ने ग्राम कचहरियों के अनुदान में बढ़ोतरी के साथ-साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग में 17 पदों के सृजन को भी मंजूरी दी है। वहीं, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग में 17 अतिरिक्त पद सृजित किए जाएंगे।
अन्य फैसलों में झंझारपुर क्षेत्र की 39.21 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण के लिए 192.94 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इसके अलावा बिहार बिजनेस कनेक्ट-2027 का आयोजन फरवरी 2027 में किया जाएगा। राज्य खेल संघों को अनुदान देने के लिए नई मार्गदर्शिका तैयार की गई है। बिहार आर्थिक सलाहकार परिषद के गठन को भी मंजूरी दी गई है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!