यूपी में कांग्रेस और सपा के बीच गठबंधन की जो बातें मौखिक रूप से चल रही हैं वह अब धरातल पर उतरने जा रही हैं। पहले कांग्रेस और अब सपा की तरफ से उन नेताओं की लिस्ट जारी की गई है जो इस गठबंधन पर सीटों पर करेंगे।
सीटों के बंटवारे पर सपा से बातचीत के लिए कांग्रेस ने पांच सदस्यीय समिति बनाई है। इसमें प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, इमरान मसूद और मोना तिवारी को शामिल किया गया है। यह समिति तय करेगी कि कांग्रेस किन सीटों पर दावेदारी करेगी और उन सीटों को मांगने के पीछे पार्टी का आधार क्या होगा। कांग्रेस की रणनीति उन विधानसभा क्षेत्रों पर जोर देने की है, जहां पिछले चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन अपेक्षाकृत बेहतर रहा था। पार्टी ने सपा को 181 संभावित विधानसभा सीटों की सूची भी सौंपी है। कांग्रेस इन सीटों पर अपने दावे के समर्थन में चुनावी प्रदर्शन और स्थानीय समीकरणों को आधार बनाएगी।
दूसरी ओर समाजवादी पार्टी ने भी गठबंधन के तहत सीटों के समझौते के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की है। इसमें राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा चौधरी को शामिल किया गया है। यह समिति कांग्रेस समेत इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ सीटों के तालमेल पर बातचीत करेगी। सपा की ओर से सीटों के चयन में जीत की संभावना को आधार बनाने की बात कही गई है। पार्टी का कहना है कि प्रत्याशियों की पसंद के बजाय उनकी योग्यता और चुनाव जीतने की क्षमता को प्राथमिकता दी जाएगी।
कांग्रेस नेतृत्व ने प्रदेश में चुनाव संचालन और संगठन को लेकर भी तैयारी तेज कर दी है। नई दिल्ली में हुई बैठक में राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी और उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं ने चुनावी रणनीति पर चर्चा की। बैठक में प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद और कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे। बैठक में नवंबर के अंत तक चुनाव से जुड़ी सभी कमेटियां घोषित करने और दिसंबर से जनसभाएं शुरू करने की तैयारी पर चर्चा हुई। कांग्रेस नेतृत्व ने वरिष्ठ नेताओं से रैलियों में समय देने की अपील की है। नेताओं ने चुनावी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का भरोसा दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी कहा है कि पार्टी इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी और गठबंधन की जिम्मेदारी निभाएगी। ऐसे में अब दोनों दलों की कमेटियों के बीच होने वाली बातचीत से यह तय होगा कि गठबंधन का स्वरूप और सीटों का बंटवारा किस दिशा में आगे बढ़ता है।
प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर इंडिया गठबंधन ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। गठबंधन के प्रमुख घटक दल समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने सभी 403 विधानसभा सीटों पर मजबूत प्रत्याशियों के चयन के लिए संयुक्त रणनीति बनाई है। इसके तहत दोनों दलों की ओर से कुल 806 दावेदारों की गहन स्क्रूटनी की जाएगी। इस प्रक्रिया के बाद ही उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
योजना के मुताबिक, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से सपा और कांग्रेस के एक-एक प्रमुख दावेदार का नाम संयुक्त सूची में शामिल किया जाएगा। इस तरह प्रदेश की सभी 403 सीटों के लिए 806 संभावित प्रत्याशियों का पैनल तैयार होगा। सूची में जगह मिलने का मतलब टिकट की गारंटी नहीं होगा। सभी दावेदारों को निर्धारित मानकों पर परखा जाएगा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!