वर्ष 2047 तक बिहारशरीफ की तस्वीर बदलने की तैयारी है। शहर को सुनियोजित, आधुनिक और सुविधाओं से लैस बनाने के लिए तैयार किए जा रहे जीआईएस आधारित मास्टर प्लान की कार्यान्वयन रणनीति सामने आ गई है। इसके तहत सड़क, परिवहन, उद्योग, आवास, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, पर्यावरण और पर्यटन से जुड़े 14 प्रमुख विकास प्रस्तावों को जमीन पर उतारने का रोडमैप तैयार किया गया है।
रिंग रोड, बाईपास और रिवरफ्रंट से बदलेगा शहर का इंफ्रास्ट्रक्चर
मास्टर प्लान में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत रिंग रोड, बाईपास और प्रमुख सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। इन परियोजनाओं के लिए भूमि अधिग्रहण, लैंड पूलिंग और सरकारी जमीन का इस्तेमाल किया जाएगा। .ads-row{display:flex;gap:10px;flex-wrap:wrap;}
उद्योगों को मिलेगा विस्तार, नए औद्योगिक क्षेत्र होंगे विकसित
बिहारशरीफ में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए औद्योगिक क्षेत्र और औद्योगिक एस्टेट विकसित किए जाएंगे। इसकी जिम्मेदारी बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) और उद्योग विभाग को सौंपी गई है। इन परियोजनाओं को निजी निवेश, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) और इंडस्ट्रियल कॉरिडोर से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से गति देने की तैयारी है। इससे शहर और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर पैदा करने का लक्ष्य है।
आवास, स्कूल और अस्पतालों की सुविधाओं का होगा विस्तार
बढ़ती शहरी आबादी की जरूरतों को देखते हुए किफायती आवास योजनाओं को भी मास्टर प्लान में जगह दी गई है। इसके लिए बिहार राज्य आवास बोर्ड और नगर निगम मिलकर काम करेंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना और निजी डेवलपर्स की भागीदारी से आवासीय परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। शिक्षा के क्षेत्र में नए स्कूल और शैक्षणिक संस्थान बनाने का प्रस्ताव है। इसके लिए आरक्षित संस्थागत भूमि का उपयोग किया जाएगा। निर्माण में समग्र शिक्षा अभियान और कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) फंड की मदद लेने की योजना है। स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए नए अस्पतालों और चिकित्सा संस्थानों का विस्तार किया जाएगा। इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, राज्य स्वास्थ्य बजट और निजी अस्पतालों की भागीदारी का रास्ता अपनाया जाएगा। इन परियोजनाओं का निर्माण पीपीपी और ईपीसी मॉडल पर प्रस्तावित है।
बस टर्मिनल और आईएसबीटी से सुधरेगी यातायात व्यवस्था
शहर में सार्वजनिक परिवहन को व्यवस्थित करने के लिए नए बस टर्मिनल और इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) बनाने की योजना है। इनके निर्माण की जिम्मेदारी परिवहन विभाग और नगर निगम को दी गई है। परियोजनाओं को पीपीपी और बीओटी मॉडल के जरिए पूरा करने का प्रस्ताव है। इससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने और शहर में यातायात के दबाव को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
सीवरेज, पेयजल और कचरा प्रबंधन पर भी फोकस
मास्टर प्लान में शहर की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सीवरेज नेटवर्क, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), पेयजल आपूर्ति और वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण का प्रस्ताव है। इन योजनाओं को बुडको, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (पीएचईडी) और नगर निगम के माध्यम से लागू किया जाएगा। इनके लिए अमृत और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं से फंडिंग की व्यवस्था की जाएगी। निर्माण में ईपीसी मॉडल अपनाने की तैयारी है। वहीं, ठोस कचरा प्रबंधन के लिए स्वच्छ भारत मिशन और वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं में निवेश करने वाले निजी निवेशकों की मदद ली जाएगी। इसके लिए पीपीपी और डीबीओटी मॉडल प्रस्तावित हैं।
पार्क, अर्बन फॉरेस्ट और पर्यटन स्थलों का होगा विकास
शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सिटी पार्क, अर्बन फॉरेस्ट, बायोडायवर्सिटी पार्क और ग्रीन बफर जोन विकसित किए जाएंगे। इन परियोजनाओं में वन विभाग और नगर निगम की भूमिका होगी। साथ ही कैंपा और नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत भी सहयोग लेने की योजना है। खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए खेल विभाग की ओर से स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और स्टेडियम बनाए जाने का प्रस्ताव है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अलावा बिहारशरीफ की ऐतिहासिक और धार्मिक विरासत को पर्यटन के लिहाज से विकसित करने की योजना है। पर्यटन विभाग केंद्र सरकार की प्रसाद और स्वदेश दर्शन योजनाओं के साथ पीपीपी मॉडल के माध्यम से पर्यटन स्थलों के विकास पर काम करेगा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!