दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था अमेरिका और सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था भारत के बीच द्विपक्षीय व्यापार एक बार फिर तीखे मोड़ पर आ खड़ा हुआ है। भारत और अमेरिका ने फरवरी 2025 में शुरू हुई बातचीत के बाद इस साल फरवरी में अपने द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के पहले चरण के ढांचे को अंतिम रूप दे दिया था। लेकिन वाशिंगटन के टैरिफ ढांचे में आए नए बदलावों ने दोनों पक्षों को फिर से बातचीत की मेज पर ला दिया है।
टैरिफ वह सीमा शुल्क या आयात शुल्क है जो कोई देश अपने यहां बाहर से आने वाले सामानों पर लगाता है और इसका भुगतान आयातक (Importer) करता है। यह शुल्क आयातित सामान की लागत बढ़ा देता है, जिससे वे घरेलू उत्पादों की तुलना में महंगे हो जाते हैं। सरकारें इसका इस्तेमाल अपने घरेलू उद्योगों को बचाने, राजस्व जुटाने और व्यापार प्रवाह को प्रभावित करने के लिए करती हैं।
अमेरिका अपने व्यापार घाटे को पाटने, घरेलू विनिर्माताओं को विदेशी प्रतिस्पर्धा से बचाने और दूसरे देशों पर अपनी शर्तों के अनुकूल व्यापार समझौते करने का दबाव बनाने के लिए टैरिफ को हथियार बना रहा है। वाशिंगटन का आरोप है कि भारत और चीन जैसे देश अमेरिकी सामानों पर भारी आयात शुल्क और कड़े नियम लगाते हैं, जबकि अमेरिकी बाजार में कम टैरिफ का लाभ उठाते हैं।
अमेरिका वित्त वर्ष 2021-22 से लगातार भारत का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार बना हुआ है।
अगस्त 2025: अमेरिका ने 7 अगस्त 2025 से 25 प्रतिशत शुल्क लगाया और भारत द्वारा रूसी कच्चा तेल खरीदने पर दंड के रूप में 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क जोड़ दिया, जिससे छूट प्राप्त वस्तुओं को छोड़कर भारतीय उत्पादों पर कुल टैरिफ 50 प्रतिशत तक पहुंच गया।
25 नवंबर को अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (USTR) ने 14 अर्थव्यवस्थाओं में 'संरचनात्मक अतिरिक्त विनिर्माण क्षमता' (Structural Excess Capacity) की अपनी दूसरी धारा 301 जांच के नतीजे जारी किए। इसके तहत भारत पर 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव रखा गया है, हालांकि यह भी संकेत दिया गया है कि यदि दोनों देशों में व्यापार समझौता हो जाता है तो यह दर 17 प्रतिशत पर समायोजित की जा सकती है।
यूएसटीआर का आरोप है कि भारत की औद्योगिक नीतियां- जैसे 'मेक इन इंडिया' पहल और पीएलआई (PLI) योजनाएं- कारखानों का विस्तार, श्रम सुरक्षा, वित्तीय तौर-तरीके और बाजार पहुंच की बाधाएं वैश्विक स्तर पर जरूरत से ज्यादा क्षमता बढ़ा रही हैं और अमेरिकी कंपनियों को नुकसान पहुंचा रही हैं। रिपोर्ट में विशेष रूप से स्टील, सौर ऊर्जा, फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल डिवाइसेज और सूचना व संचार प्रौद्योगिकी (ICT) को चिंता का विषय बताया गया है।
भारत ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि उसके किसी भी सेक्टर में कोई 'संरचनात्मक अतिरिक्त क्षमता' नहीं है। भारत ने जोर देकर कहा कि व्यापार संबंधी किसी भी चिंता का समाधान द्विपक्षीय व्यापार समझौते की वार्ता के दायरे में ही होना चाहिए और वह 7 फरवरी 2026 के संयुक्त बयान के अनुसार समझौते को जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
दोनों देशों के बीच एक अंतरिम व्यापार समझौते के ढांचे पर सहमति बनी थी, जिसके मुख्य बिंदु थे:
भारत अपने निर्यातकों को अमेरिकी टैरिफ से बचाने और दक्षिण व दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रतिद्वंद्वी विनिर्माण देशों पर बढ़त हासिल करने के लिए यह समझौता चाहता है। भारत का कहना है कि समझौता तभी हस्ताक्षरित होगा जब अमेरिकी टैरिफ ढांचा स्पष्ट हो जाए और भारत को बांग्लादेश, वियतनाम, इंडोनेशिया, थाईलैंड और चीन जैसे प्रतिस्पर्धियों की तुलना में कम टैरिफ और बेहतर बाजार पहुंच की 'तुलनात्मक बढ़त' मिले।
यूएसटीआर के प्रस्ताव के अनुसार समझौते की स्थिति में भारत पर 17 प्रतिशत टैरिफ लगेगा। इससे भारत को बांग्लादेश, कंबोडिया, इंडोनेशिया, मलेशिया और थाईलैंड (जिनकी डील दर 18% है) पर मात्र 1 प्रतिशत की बढ़त मिलेगी, जबकि वियतनाम और चीन (20% डील दर) पर केवल 3 प्रतिशत की बढ़त मिलेगी। समझौता न होने पर भारत पर यह शुल्क 25 प्रतिशत तक जा सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार भारत को एक बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है। कारण यह है कि अतिरिक्त क्षमता वाली धारा 301 जांच केवल 14 व्यापारिक साझेदारों पर केंद्रित है। इसका मतलब है कि पाकिस्तान, श्रीलंका, फिलीपींस और तुर्किए जैसी कई अर्थव्यवस्थाएं इस अतिरिक्त टैरिफ के दायरे से बाहर रह सकती हैं, जिससे अमेरिकी बाजार में उनके निर्यातकों को भारतीय सामानों के मुकाबले लागत का बड़ा फायदा मिल जाएगा।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!