2021 में आई फिल्म 'नो टाइम टू डाई' के अंत में जब डेनियल क्रेग का जेम्स बॉन्ड स्क्रीन पर मारा गया, तो सिनेमाघरों में सन्नाटा पसर गया था. 64 साल के फिल्मी इतिहास में यह पहला मौका था जब ब्रिटिश खुफिया एजेंसी MI6 के इस जासूस की मौत दिखाई गई. लेकिन स्क्रीन पर दिखाई गई एक लाइन James Bond Will Return ने उम्मीद जिंदा रखी. करीब पांच साल की लंबी अटकलों के बाद आखिरकार वह इंतजार खत्म हुआ. 'ट्वाइलाइट' और 'द बैटमैन' से दुनियाभर में पहचान बनाने वाले ब्रिटिश एक्टर रॉबर्ट पैटिनसन अब आधिकारिक तौर पर सातवें जेम्स बॉन्ड बन गए हैं.
अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने पैटिनसन के नाम पर मुहर लगाकर 007 के नए युग की शुरुआत कर दी है. फ्रैंचाइजी की 26वीं फिल्म का निर्देशन 'ड्यून' फेम डायरेक्टर डेनिस विलेनवेव करेंगे. लेकिन शॉन कॉनरी के क्लासिक सूट से लेकर रॉबर्ट पैटिनसन के डार्क और इंटेस लुक तक जेम्स बॉन्ड का यह सफर सिर्फ चेहरों के बदलने की कहानी नहीं है. यह कहानी है बदलती दुनिया, राजनीति और दर्शकों की पसंद के हिसाब से खुद को ढालते एक किरदार की. आइए समझते हैं कि पिछले छह दशकों में छह अलग-अलग एक्टर्स के हाथों से गुजरकर एजेंट 007 हर दौर में कैसे बदलता गया.
जेम्स बॉन्ड का DNA तैयार करने वाले शॉन कॉनरी
ब्रिटिश लेखक इयान फ्लेमिंग ने 1953 में अपने उपन्यास 'कसीनो रॉयल' के जरिए जेम्स बॉन्ड को गढ़ा था, लेकिन बड़े पर्दे पर उसे असली पहचान स्कॉटिश अभिनेता शॉन कॉनरी ने दिलाई. 1962 में आई पहली फिल्म Dr. No से लेकर 'गोल्डफिंगर' और 'थंडरबॉल' तक, कॉनरी ने बॉन्ड के किरदार का वह सांचा ढाला, जो आज भी इस फ्रैंचाइजी की पहचान है. वह 1962 से 1971 तक कई फिल्मों में बॉन्ड बने.
जॉर्ज लेजनबी
शॉन कॉनरी के अचानक फ्रेंचाइजी छोड़ने के बाद ऑस्ट्रेलियाई मॉडल और अभिनेता जॉर्ज लेजनबी को 'ऑन हर मेजेस्टीज सीक्रेट सर्विस' (1969) के लिए चुना गया. इसी फिल्म में बॉन्ड ने शादी की. लेजेनबी को लगा कि 70 के दशक में बॉन्ड आउटडेटेड हो जाएगा, इसलिए उन्होंने छोड़ दिया. बाद में यही फिल्म सबसे फेथफुल एडॉप्टेशन मानी गई.
रॉजर मूर ने गंभीर जासूस को एंटरटेनर भी बनाया बन गया 'एंटरटेनर'
1971 में एक फिल्म 'डायमंड्स आर फॉरएवर' के लिए कॉनरी की वापसी हुई, लेकिन 1973 में 'लिव एंड लेट डाई' से कमान रॉजर मूर के हाथों में आ गई. मूर ने सबसे ज्यादा 7 आधिकारिक फिल्मों में 12 साल तक यह किरदार निभाया. मूर का दौर सबसे हल्का-फुल्का था. ज्यादा हंसी-मजाक, ज्यादा गैजेट्स, ज्यादा फैंटेसी.
वक्त से आगे का 'रियलिस्टिक' बॉन्ड
रॉजर मूर के हल्के-फुल्के अंदाज के बाद मेकर्स ने एक बार फिर इयान फ्लेमिंग के मूल उपन्यासों की तरफ लौटने का फैसला किया. 'द लिविंग डेलाइट्स' और 'लाइसेंस टू किल' में टिमोथी डाल्टन ने यह जिम्मेदारी संभाली. वह 1987 से 1989 तक इस किरदार को जीते रहे. उनका बॉन्ड गुस्से वाला, जख्मी, असली जासूस जैसा लगा.
कोल्ड वॉर के बाद का 'सुपरहीरो'
सोवियत संघ के विघटन और कानूनी विवादों के चलते 6 साल के ब्रेक के बाद 1995 में 'गोल्डनआई' से पियर्स ब्रॉसनन की एंट्री हुई. ब्रॉसनन का बॉन्ड मॉडर्न था. इंटरनेट, हाई-टेक गैजेट्स, स्टाइलिश एक्शन सब कुछ था. वह 1995 से 2002 तक इस किरदार को गढ़ते रहे.
डेनियल क्रेग जब लेकर आए इमोशनल टच
2006 में जब सुनहरे बालों वाले डेनियल क्रेग को नया बॉन्ड चुना गया, तो शुरुआत में उनकी काफी आलोचना हुई. लेकिन 'कसीनो रॉयल' रिलीज होते ही सारे समीकरण बदल गए. क्रेग ने बॉन्ड को रीबूट किया. अब जेम्स बॉन्ड सिर्फ माचो नहीं रहा. वह इमोशनल था, टूटा हुआ था. थका हुआ था और एक ट्रॉमा से भी गुजर रहा था. इसी ह्यमून टच ने जेम्स बॉन्ड को अधिक मानवीय बना दिया. डेनियल ने 2006 से 2021 तक पर्दे पर इस किरदार को जिया.
अब रॉबर्ट पैटिनसन से क्या उम्मीदें हैं?
डेनियल क्रेग के बाद बॉन्ड को फिर से खड़ा करना आसान नहीं था, खासकर तब जब फ्रेंचाइजी का क्रिएटिव कंट्रोल अब बारबरा ब्रोकोली के परिवार से निकलकर अमेजन एमजीएम स्टूडियोज के पास आ चुका है.
40 साल के रॉबर्ट पैटिनसन का चुना जाना बताता है कि मेकर्स किसी नए चेहरे के बजाय एक ऐसे सधे हुए कलाकार के साथ जाना चाहते थे, जो कॉमर्शियल ब्लॉकबस्टर ('द बैटमैन', 'टेनेट') और गंभीर आर्ट हाउस सिनेमा दोनों में माहिर हो. निर्देशक डेनिस विलेनवेव का जुड़ना यह साफ संकेत देता है कि पैटिनसन का '007' सिर्फ एक्शन और गैजेट्स तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें साइकोलॉजिकल थ्रिल, गहरा सस्पेंस और भव्य सिनेमैटिक विजन देखने को मिलेगा.
नए जेम्स बॉन्ड के रूप में टक्सीडो पहनकर अंधेरे से बाहर निकलते पैटिनसन की पहली झलक ने साफ कर दिया है कि दौर चाहे कोई भी हो, जेम्स बॉन्ड खुद को हर बार नए सिरे से जिंदा करने का हुनर जानता है.
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!