बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने शुक्रवार को एक संगठित आपराधिक गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में बिहार और झारखंड के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर पुलिस ने गिरोह के कथित सरगना समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सरगना की पत्नी और बेटा भी शामिल हैं। छापेमारी के दौरान 73.5 लाख रुपये नकद, संपत्ति से जुड़े 106 दस्तावेज और कई अन्य कीमती सामान बरामद किए गए हैं।
आर्थिक अपराध इकाई के मुताबिक, मुख्य आरोपी सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव पिछले 15-16 वर्षों से संगठित आपराधिक गिरोह चला रहा था। इस गिरोह पर रंगदारी, हथियार के बल पर लूट, अपहरण, अवैध बालू खनन, जमीन पर कब्जा और सरकारी कर्मियों पर हमले जैसे गंभीर आरोप हैं।
कार्रवाई के दौरान सुरेंद्र कुमार सुमन, उसके बेटे आर्यन कुमार, पत्नी सुनीता कुमारी और सहयोगी रोशन राज उर्फ रोशन कुमार उर्फ धनंजय कुमार को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी की पत्नी सुनीता कुमारी पिछले 10 वर्षों से गया जिले के डोभी में प्रखंड प्रमुख हैं।
25 आपराधिक मामलों में सामने आया गिरोह का नाम ईओयू के अनुसार, गिरोह के खिलाफ वर्ष 2001 से गया, बोकारो, रांची समेत कई स्थानों पर 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, अपहरण, लूट, जमीन कब्जाने और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज मामले शामिल हैं।
15 करोड़ से अधिक की संपत्ति अर्जित करने का आरोप जांच में सामने आया है कि सुरेंद्र सुमन और उसके परिवार के सदस्यों ने पिछले 15-16 वर्षों में 67 संपत्तियां अर्जित की हैं। इनमें जमीन के टुकड़े, फ्लैट और मकान शामिल हैं। इन संपत्तियों की खरीद के लिए 67 रजिस्टर्ड डीड कराई गई थीं। ईओयू के मुताबिक, इन संपत्तियों का अनुमानित निबंधन मूल्य 15 करोड़ रुपये से अधिक है। कई संपत्तियों का सरकारी सर्किल रेट इससे कई गुना ज्यादा है। एक जमीन का सरकारी मूल्यांकन 28 करोड़ रुपये था, जबकि उसकी रजिस्ट्री महज 1.5 करोड़ रुपये में कराई गई थी।
10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कोर्ट से सर्च वारंट मिलने के बाद शुक्रवार को ईओयू, स्पेशल टास्क फोर्स और गया, पटना, औरंगाबाद तथा झारखंड के चतरा जिले की पुलिस की संयुक्त टीमों ने 10 आवासीय ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान 73.5 लाख रुपये नकद, संपत्ति की 106 रजिस्ट्री डीड, जमीन खरीद से जुड़े 51 एग्रीमेंट के दस्तावेज और 38 बैंक खातों का ब्योरा बरामद किया गया। इसके अलावा, आभूषणों की खरीद से जुड़ी कई रसीदें भी मिली हैं।
51 पन्नों की गुप्त डायरी भी मिली जांच टीम को गया में सुरेंद्र सुमन के आवास से 51 पन्नों की एक गुप्त डायरी भी मिली है। ईओयू के अनुसार, इस डायरी में कई अधिकारियों के साथ वित्तीय लेनदेन का जिक्र है। इन प्रविष्टियों का सत्यापन आगे की जांच में किया जाएगा। छापेमारी के दौरान सुरेंद्र सुमन और उसकी फर्म मोनू एंटरप्राइजेज के नाम पर दर्ज आठ वाहन भी बरामद किए गए हैं। ईओयू का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य आपराधिक गिरोह के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करना और कथित अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों की पहचान करना है।
Comments ()
Be the first to share your perspective on this story!